मथुरा , जनवरी 31 -- उत्तर प्रदेश कांग्रेस के अध्यक्ष अजय राय ने आरोप लगाया कि बनारस की तरह वृंदावन में भी विकास के नाम पर विनाश की तैयारी की जा रही है।

श्री राय शनिवार को पार्टी के राष्ट्रीय महासचिव अविनाश पांडे के साथ वृंदावन पहुंचे और ठाकुर बांके बिहारी मंदिर में दर्शन-पूजन किया। इस दौरान गोस्वामी समाज के प्रतिनिधियों ने प्रस्तावित बांके बिहारी कॉरिडोर के विरोध में उनसे मुलाकात कर ज्ञापन सौंपा, जिसके बाद अजय राय ने राज्य सरकार पर तीखा हमला बोला।

मीडिया से बातचीत में अजय राय ने कहा कि बनारस की तरह वृंदावन में भी विकास के नाम पर विनाश की तैयारी की जा रही है। उन्होंने आरोप लगाया कि वाराणसी में जिस प्रकार कॉरिडोर निर्माण के नाम पर प्राचीन स्वरूप को नुकसान पहुंचाया गया, वैसी ही स्थिति वृंदावन में उत्पन्न की जा रही है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस पार्टी स्थानीय निवासियों और गोस्वामी समाज की मांगों के साथ खड़ी है और कॉरिडोर मंदिर के आसपास के बजाय अन्य स्थान पर बनाए जाने की मांग का समर्थन करती है।

प्रदेश की कानून-व्यवस्था पर सवाल उठाते हुए अजय राय ने हालिया पुलिस मुठभेड़ों को लेकर सरकार की आलोचना की और इसे 'जंगलराज' बताया। उन्होंने आरोप लगाया कि प्रदेश में अन्याय और अत्याचार बढ़ रहे हैं तथा संत समाज और ब्राह्मण समाज स्वयं को असुरक्षित महसूस कर रहा है।

अजय राय ने मुख्यमंत्री के हालिया दौरे के दौरान गोस्वामी समाज के साथ कथित दुर्व्यवहार का मुद्दा भी उठाया। उन्होंने कहा कि कांग्रेस पार्टी किसी भी समाज के सम्मान से समझौता नहीं करेगी और गोस्वामी समाज के अधिकारों की रक्षा के लिए संघर्ष जारी रखेगी।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित