मथुरा , मई 10 -- कांग्रेस के वरिष्ठ नेता, राज्यसभा सांसद और उपनेता प्रतिपक्ष प्रमोद तिवारी रविवार को तीर्थ नगरी वृंदावन पहुंचे। यहाँ उन्होंने ठाकुर बांके बिहारी मंदिर में विधि-विधान से दर्शन-पूजन किया।
इस दौरान उनके साथ पूर्व विधायक प्रदीप माथुर, यूपी कांग्रेस विधानमंडल दल की नेता आराधना मोना मिश्रा और अन्य स्थानीय कांग्रेसी नेता मौजूद रहे। मंदिर में पूजा के बाद उन्होंने देश के संविधान की रक्षा के लिए प्रार्थना की।
श्री प्रमोद तिवारी ने मीडिया से बातचीत करते हुए केंद्र सरकार पर तीखा प्रहार किया। उन्होंने कहा कि आज देश का संविधान खतरे में है। "प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी और गृह मंत्री अमित शाह जिस तरह से संविधान को समाप्त करने की कोशिश कर रहे हैं, उससे केवल कांग्रेस ही लड़ सकती है। क्षेत्रीय दल भी तभी बच पाएंगे जब वे कांग्रेस के साथ मजबूती से खड़े होंगे। भाजपा के मंसूबों को नाकाम करने का माद्दा सिर्फ कांग्रेस में है।"उन्होंने पश्चिम बंगाल और असम समेत कई राज्यों के चुनावी नतीजों पर सवाल उठाते हुए कहा कि वहाँ लोकतंत्र की हत्या करके जीत हासिल की गई है। उन्होंने तंज कसते हुए कहा कि जिस शुभेंदु अधिकारी का वीडियो दिखाकर मोदी जी कभी भ्रष्टाचार का मजाक उड़ाते थे, आज उन्हीं भ्रष्टाचारियों की गोद में बैठकर सरकारें चलाई जा रही हैंउन्होंने कहा कि 2029 से पहले श्री मोदी प्रधानमंत्री पद से हट जायेंगे। उन्होंने भाजपा और आरएसएस के बीच बढ़ती अंदरूनी खींचतान को लेकर कहा: मोदी-शाह की जोड़ी संघ और भाजपा के पुराने समर्पित नेताओं को दरकिनार कर बाहर से आए 'उधार' के लोगों को मुख्यमंत्री बना रही है। 2029 तक भाजपा और संघ के बीच की यह फूट पूरी तरह सामने आ जाएगी। जिस तरह के हालात बन रहे हैं, उससे साफ है कि साल 2029 से पहले ही नरेंद्र मोदी को प्रधानमंत्री पद से हटा दिया जाएगा।
नेता विधानमंडल दल आराधना 'मोना' मिश्रा ने भी प्रदेश और केंद्र सरकार की नीतियों को जनविरोधी बताते हुए कहा कि जनता अब बदलाव चाहती है और कांग्रेस ही विकल्प के रूप में मजबूती से उभर रही है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित