पटना , जुलाई 14 -- भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के राष्ट्रीय अध्यक्ष और राज्यसभा सांसद नितिन नवीन ने मंगलवार को कहा कि बांकीपुर विधानसभा क्षेत्र से उनका रिश्ता केवल जनप्रतिनिधि का नहीं, बल्कि परिवार का है। श्री नवीन ने पत्रकारों से बातचीत में कहा कि क्षेत्र की जनता और भाजपा कार्यकर्ताओं ने उन्हें राजनीति में आगे बढ़ने की प्रेरणा दी है और अब पार्टी ने जिस विश्वास के साथ युवा कार्यकर्ता नीरज कुमार सिन्हा को उम्मीदवार बनाया है, उसी विश्वास के साथ बांकीपुर की जनता उन्हें भी भरपूर आशीर्वाद देगी।
श्री नवीन ने कहा कि यह उनका एक दिवसीय प्रवास था, लेकिन क्षेत्र की जनता की अपेक्षा थी कि वे उनके बीच आएं। उन्होंने कहा कि एक कार्यकर्ता, विधायक और जनप्रतिनिधि के रूप में यह उनकी जिम्मेदारी है कि वे हर परिस्थिति में अपने क्षेत्र और अपने लोगों के साथ खड़े रहें।उन्होंने कहा कि भाजपा की सबसे बड़ी विशेषता यह है कि यहां एक साधारण कार्यकर्ता भी अपनी मेहनत और समर्पण के बल पर नेतृत्व की जिम्मेदारी तक पहुंच सकता है। उन्होंने कहा कि पार्टी ने एक मंडल अध्यक्ष जैसे जमीनी कार्यकर्ता नीरज कुमार सिन्हा को उम्मीदवार बनाकर कार्यकर्ताओं के सम्मान और संगठन की कार्यकर्ता-आधारित संस्कृति को और मजबूत किया है।
भाजपा अध्यक्ष श्री नवीन ने कहा कि उनके पिता नवीन किशोर प्रसाद सिन्हा ने वर्षों तक संघर्ष करते हुए बांकीपुर की सेवा की और जनता के साथ एक आत्मीय रिश्ता बनाया। उसी परंपरा को आगे बढ़ाते हुए उन्होंने भी पिछले दो दशकों तक क्षेत्र के लोगों के सुख-दुख में सहभागी बनकर सेवा करने का प्रयास किया।
श्री नवीन ने कहा, "मैं हमेशा कहता हूं कि बांकीपुर की जनता और यहां के कार्यकर्ताओं ने ही मुझे काम करना सिखाया है। आज मैं जिस स्थान पर हूं, वहां तक पहुंचाने का श्रेय भी इसी क्षेत्र की जनता के स्नेह और आशीर्वाद को जाता है।"उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि नीरज कुमार सिन्हा भी उसी सेवा भाव और समर्पण के साथ बांकीपुर की जनता के बीच काम करेंगे। उन्होंने कहा कि नीरज किसी बड़े राजनीतिक परिवार से नहीं, बल्कि जनसंघ काल से भाजपा की विचारधारा से जुड़े कार्यकर्ता परिवार से आते हैं और वर्षों से क्षेत्र के लोगों की समस्याओं के समाधान के लिए सक्रिय रहे हैं।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित