पटना, जुलाई 13 -- बिहार के पूर्व स्वास्थ्य मंत्री और भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के वरिष्ठ नेता मंगल पांडेय ने सोमवार को दावा किया है कि बांकीपुर विधानसभा सीट पर राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (राजग) समर्थित भाजपा उम्मीदवार की ऐतिहासिक और प्रचंड जीत होगी। श्री पांडेय ने आज बयान जारी कर कहा कि बांकीपुर की राष्ट्रभक्त जनता ने एक बार फिर विकास, सुशासन और राष्ट्रवाद के पक्ष में अपना मन पूरी तरह बना लिया है।

श्री पांडेय ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की दूरदर्शी नेतृत्व की सराहना करते हुए कहा उनकी जनकल्याणकारी नीतियों और देश को परम वैभव पर ले जाने के संकल्प का असर आज बिहार के कोने-कोने में दिख रहा है। उन्होंने कहा कि बांकीपुर की जनता प्रधानमंत्री जी के ''सबका साथ, सबका विकास'' के मंत्र पर अटूट विश्वास रखती है।

श्री पांडेय ने वर्तमान नेतृत्व और संगठन की मजबूती को रेखांकित करते हुए भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन के कार्यों की जमकर सराहना की। उन्होंने कहा श्री नवीन ने बांकीपुर के विधायक और एक जननेता के रूप में क्षेत्र के विकास के लिए अनुकरणीय कार्य किए हैं। उन्होंने हर वर्ग के कल्याण और क्षेत्र के बुनियादी ढांचे को मजबूत करने के लिए जो प्रयास किए हैं, उसी का परिणाम है कि आज जनता स्वतः स्फूर्त होकर भाजपा के पक्ष में खड़ी है।

श्री पांडेय ने मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी के नेतृत्व और पूर्व मुख्यमंत्री नीतीश कुमार जी के मार्गदर्शन की प्रशंसा करते हुए कहा कि राज्य सरकार बिहार को विकास और कानून व्यवस्था के नए शिखर पर ले जा रही है। उन्होंने कहा कि राजग सरकार की डबल इंजन की ताकत का लाभ सीधे आम जनता तक पहुंच रहा है।

श्री पांडेय ने पूर्ण विश्वास व्यक्त करते हुए कहा कि विपक्षी दलों के पास न तो कोई नीति है और न ही कोई नीयत। उन्होंने कहा कि बांकीपुर विधानसभा की जागरूक जनता विपक्ष के भ्रामक दावों को नकारते हुए राजग उम्मीदवार को भारी मतों से विजयी बनाकर एक बार फिर विकास की राजनीति पर अपनी मुहर लगाएगी।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित