शेखपुरा, जुलाई 12 -- बिहार के पंचायती राज मंत्री दीपक प्रकाश ने रविवार को कहा कि बांकीपुर विधानसभा उपचुनाव में राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (राजग) की जीत तय है और गठबंधन के घटक दलों को एक जुट हो कर इसमें भाग लेना चाहिए।
श्री प्रकाश अपने दो दिवसीय दौरे पर शेखपुरा आए हुए हैं और इस दौरान संवाददाताओं से बात करते हुए उन्होंने पटना के बांकीपुर विधानसभा में हो रहे उप चुनाव में राजग प्रत्याशी नीरज कुमार की जीत का दावा किया।
श्री प्रकाश ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी के विकास कार्यों पर जनता की मुहर लगेगी और बांकीपुर में राजग प्रत्याशी को प्रचंड जीत मिलेगी।
मंत्री ने कहा कि राजग सरकार के 20 वर्षों के सुशासन का लाभ इस चुनाव के दौरान मिलेगा। उन्होंने प्रत्याशी बदले जाने के प्रश्न को टालते हुए इसे भाजपा का अंदरूनी मामला बताया। उन्होंने कहा कि राजग पूरी तरह एकजुट है और घटक दलों में कोई मतभेद नहीं है।
श्री प्रकाश ने पूर्व मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के पुत्र निशांत कुमार के नेतृत्व की सराहना करते हुए कहा कि सरकार का कामकाज नीतियों के आधार पर चलता है। निशांत कुमार युवा है और बेहतर कार्य कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि राजग सरकार सात निश्चय तीन के तहत बेहतर तरीके से कार्य कर रही है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित