पटना , जुलाई 28 -- बिहार के स्वास्थ्य मंत्री तथा जनता दल यूनाइटेड (जदयू) के नेता निशांत कुमार ने मंगलवार को कहा कि बांकीपुर विधानसभा उपचुनाव में जनता विकास, सुशासन और जनसेवा को ध्यान में रख कर मतदान करेगीनिशांत कुमार ने आज एक वीडियो संदेश जारी कर मतदाताओं से बांकीपुर विधानसभा उपचुनाव में राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (राजग) प्रत्याशी नीरज कुमार सिन्हा के पक्ष में मतदान करने की अपील की। उन्होंने अपने संदेश में बांकीपुर विधानसभा के सभी सम्मानित मतदाताओं से 30 जुलाई को अधिक से अधिक संख्या में मतदान करने का आग्रह किया और कहा कि कमल के निशान पर अपना अमूल्य वोट देकर राजग समर्थित प्रत्याशी को विजयी बनायें।
श्री कुमार ने कहा कि बांकीपुर की जनता ने हमेशा विकास, सुशासन और जनसेवा को सर्वोपरि रखते हुए हर चुनाव में इसी सोच के साथ अपना जनादेश दिया है। उन्होंने विश्वास जताया कि इस बार भी बांकीपुर विकास की इस यात्रा को और मजबूत करेगा।
बिहार के स्वास्थ्य मंत्री ने कहा कि उनकी पार्टी के नेता नीतीश कुमार ने भी बांकीपुर की जनता से राजग समर्थित प्रत्याशी श्री सिन्हा जी के पक्ष में मतदान करने की अपील की है। उन्होंने कहा कि जिस भरोसे के साथ बांकीपुर की जनता ने राजग नेतृत्व पर विश्वास जताया है, उसी भरोसे को इस बार भी जीत में बदलना है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और पूर्व मुख्यमंत्री श्री कुमार के मार्गदर्शन में बिहार के मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी प्रदेश में न्याय के साथ विकास की यात्रा को आगे बढ़ा रहे हैं। उन्होंने कहा कि बांकीपुर की जनता का जिस तरह पूर्व प्रतिनिधि और भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन ने ख्याल रखा, उसी तरह की निष्ठापूर्वक सेवा भविष्य में नीरज सिन्हा भी करेंगे।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित