पटना , जुलाई 23 -- बिहार में बांकीपुर विधानसभा उपचुनाव के लिए पटना नगर निगम द्वारा मतदाताओं को जागरूक करने के उद्देश्य से गुरुवार को लोहानीपुर बस्ती एवं चीना कोठी बस्ती में व्यापक मतदाता जागरूकता अभियान चलाया गया। भारत निर्वाचन आयोग के स्वीप कार्यक्रम के अंतर्गत आयोजित इस अभियान का उद्देश्य अधिक से अधिक मतदाताओं को मतदान के प्रति जागरूक करना एवं लोकतांत्रिक प्रक्रिया में उनकी सक्रिय भागीदारी सुनिश्चित करना है।

अभियान के तहत "स्वीप टू बूथ " कार्यक्रम आयोजित किया गया, जिसमें नगर निगम के अधिकारियों, सफाईकर्मियों एवं स्थानीय नागरिकों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। प्रतिभागियों ने बस्ती से लेकर मतदान केंद्र तक स्वच्छता अभियान चलाते हुए पूरे मार्ग में जगह-जगह रुककर आमजन को मतदान के महत्व से अवगत कराया तथा आगामी उपचुनाव में अपने मताधिकार का अनिवार्य रूप से प्रयोग करने का आह्वान किया।

कार्यक्रम के दौरान सार्वजनिक स्थलों पर माइकिंग, जागरूकता बैनर तथा आकर्षक रंगोली के माध्यम से भी मतदाताओं को मतदान के प्रति प्रेरित किया गया। अभियान में युवाओं की भागीदारी बढ़ाने के उद्देश्य से लोकप्रिय आरजे शशि ने अपने मनोरंजक एवं संवादात्मक अंदाज में लोगों से संवाद किया और विशेष रूप से युवाओं को लोकतंत्र के इस महापर्व में बढ़-चढ़कर भाग लेने के लिए प्रेरित किया।

पटना नगर निगम का यह अभियान केवल मतदान के प्रति जागरूकता तक सीमित नहीं रहा, बल्कि स्वच्छता एवं नागरिक सहभागिता का संदेश भी साथ लेकर चला।

नगर निगम ने सभी नागरिकों से अपील की कि वे लोकतंत्र को मजबूत बनाने के लिए अपने मताधिकार का अवश्य प्रयोग करें तथा अन्य लोगों को भी मतदान के लिए प्रेरित करें।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित