पटना , जुलाई 28 -- बिहार के पूर्व स्वास्थ्य मंत्री एवं भारतीय जनता पार्टी (भाजपा)के वरिष्ठ नेता मंगल पांडेय ने मंगलवार को दावा किया कि बांकीपुर विधानसभा उपचुनाव में राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (राजग)के उम्मीदवार नीरज सिन्हा को जनता का अभूतपूर्व समर्थन प्राप्त हो रहा है।श्री पांडेय ने आज बयान जारी कर कहा कि क्षेत्र के हर मोहल्ले, हर वार्ड और हर वर्ग के मतदाताओं का उत्साह यह स्पष्ट संकेत दे रहा है कि इस बार भाजपा रिकॉर्ड मतों से विजय प्राप्त करेगी। उन्होंने कहा कि बांकीपुर की जनता विकास, सुशासन और विश्वास की राजनीति के साथ मजबूती से खड़ी है। राजग सरकार द्वारा किए गए विकास कार्यों तथा जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ लोगों तक पहुँचा है, जिसके कारण मतदाताओं का विश्वास पहले से अधिक मजबूत हुआ है। उन्होंने कहा कि यह केवल लहर नहीं, बल्कि भाजपा के पक्ष में जनसमर्थन की सुनामी है।
श्री पांडेय ने विपक्ष पर निशाना साधते हुए कहा कि विपक्षी दल जनता के वास्तविक मुद्दों से पूरी तरह कट चुके हैं। उनके पास न कोई ठोस नीति है, न विकास का कोई विजन और न ही जनता के सामने रखने के लिए कोई सकारात्मक एजेंडा। इसलिए वे लगातार भ्रम फैलाने, अनर्गल आरोप लगाने और जनता को गुमराह करने का प्रयास कर रहे हैं, लेकिन बांकीपुर की जागरूक जनता इन प्रयासों को पूरी तरह नकार चुकी है। उन्होंने कहा कि राजग का प्रत्येक कार्यकर्ता पूरी ऊर्जा और समर्पण के साथ जनसंपर्क अभियान में जुटा हुआ है। घर-घर जाकर पार्टी की उपलब्धियों और भविष्य की विकास योजनाओं को लोगों तक पहुँचाया जा रहा है। जनता का उत्साह और समर्थन यह प्रमाणित करता है कि एनडीए उम्मीदवार नीरज सिन्हा की जीत ऐतिहासिक और रिकॉर्ड मतों से होगी।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित