पटना , जुलाई 26 -- भारतीय जनता पार्टी (भाजपा)के वरिष्ठ नेता, पटना साहिब के सांसद एवं पूर्व केंद्रीय मंत्री रविशंकर प्रसाद ने रविवार को कहा कि बांकीपुर विधानसभा उपचुनाव में राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (राजग) पूरी मजबूती और प्रामाणिकता के साथ चुनाव मैदान में है तथा जनता का अभूतपूर्व समर्थन मिल रहा है।
श्री प्रसाद ने भाजपा प्रदेश कार्यालय में आयोजित संवाददाता सम्मेलन में कहा कि बांकीपुर के हर मोहल्ले और घर-घर तक भाजपा कार्यकर्ताओं की मजबूत पकड़ है तथा मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी सहित पूरा राजग गठबंधन विकास के मुद्दे पर जनता के बीच जा रहा है। उन्होंने विश्वास जताया कि भाजपा उम्मीदवार नीरज कुमार सिन्हा बांकीपुर विधानसभा उपचुनाव में भारी मतों से विजयी होंगे।
श्री प्रसाद ने कहा कि बांकीपुर सीट भाजपा की गौरवशाली परंपरा की सीट है।उन्होंने कहा कि पांच बार के विधायक रहे नितिन नवीन के भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष बनने के बाद यह सीट रिक्त हुई है और अब उनकी आवाज संसद में गूंजेगी। उन्होंने कहा कि विपक्षी उम्मीदवारों को चुनाव लड़ने का पूरा अधिकार है, लेकिन राजनीतिक मर्यादा बनाए रखना भी उतना ही आवश्यक है।
श्री प्रसाद ने आरोप लगाया कि प्रशांत किशोर चुनाव से पहले ही हार की आशंका से चुनाव आयोग, धनबल और प्रशासन पर आरोप लगा रहे हैं, जो उन्हें राहुल गांधी की राजनीति की याद दिलाता है। उन्होंने कहा कि जीविका दीदियों पर लगाए गए आरोप बिहार की महिलाओं के सम्मान के खिलाफ हैं। भाजपा और राजग विकास, सुशासन और जनविश्वास के आधार पर चुनाव लड़ रहा है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित