पटना , जुलाई 07 -- िन्दुस्तानी अवाम मोर्चा (से.) के राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं बिहार सरकार के लघु जल संसाधन मंत्री डॉ. संतोष कुमार सुमन ने मंगलवार को कहा कि बिहार में राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (राजग) पूरी तरह से एकजुट और मजबूत है और इसकी सबसे स्पष्ट झलक बांकीपुर विधानसभा उपचुनाव में देखने को मिलेगी। डॉ. सुमन ने आज बयान जारी कर कहा कि राजग के सभी घटक दल साझा लक्ष्य, बेहतर समन्वय और पूर्ण विश्वास के साथ चुनाव मैदान में उतरेंगे। जनता एक बार फिर विकास, सुशासन और स्थिर सरकार के पक्ष में अपना जनादेश देगी।
मंत्री डॉ. सुमन ने कहा कि बांकीपुर का चुनाव आरोप-प्रत्यारोप, अफवाह और दुष्प्रचार का नहीं, बल्कि विकास और जनकल्याण के मुद्दों पर लड़ा जाएगा। उन्होंने कहा कि राजग सरकार ने बिहार में सड़क, पुल, शिक्षा, स्वास्थ्य, सिंचाई, रोजगार और आधारभूत संरचना के क्षेत्र में लगातार काम किया है। यही विकास कार्य जनता के बीच राजग की सबसे बड़ी ताकत हैं और इन्हीं उपलब्धियों के आधार पर गठबंधन जनता के बीच जाएगा।
उन्होंने कहा कि बांकीपुर का जनादेश केवल एक विधानसभा क्षेत्र तक सीमित नहीं रहेगा, बल्कि पूरे बिहार को यह संदेश देगा कि जनता विकास, सुशासन और स्थिर नेतृत्व के साथ खड़ी है। चाहे विपक्ष कितना भी भ्रम फैलाने का प्रयास करे, राजग पूरी मजबूती और समन्वय के साथ चुनाव लड़ेगा तथा विकास के अपने एजेंडे के बल पर विजय प्राप्त करेगा।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित