पटना , जुलाई 18 -- बिहार जनता दल यूनाइटेड (जदयू) के प्रदेश अध्यक्ष उमेश सिंह कुशवाहा ने शनिवार को कहा कि पूरे बांकीपुर विधानसभा क्षेत्र में जनता का राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (राजग) के पक्ष में दिखाई दे रहा एकतरफा रुझान और कार्यकर्ताओं का उत्साह स्पष्ट संकेत दे रहा है कि इस बार राजग यहाँ अब तक की सबसे बड़ी जीत दर्ज करेगा।श्री कुशवाहा ने आज बांकीपुर में आयोजित राजग कार्यकर्ता सम्मेलन को संबोधित करते हुए कहा कि राजग की विकास, सुशासन एवं जनसेवा की नीति पर बांकीपुर की जनता का अटूट विश्वास है। उन्होंने कहा कि समाज के सभी वर्गों का अभूतपूर्व जनसमर्थन राजग को प्राप्त हो रहा है।
जदयू प्रदेश अध्यक्ष ने कहा कि जिस प्रकार पिछले विधानसभा चुनाव में बिहार की जनता ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी एवं नीतीश कुमार की विकासपरक जोड़ी पर भरोसा जताते हुए राजग को 202 सीटों का प्रचंड जनादेश दिया था, उसी प्रकार बांकीपुर में भी जनता एक बार फिर राजग के पक्ष में ऐतिहासिक जनादेश देने जा रही है।
श्री कुशवाहा ने कहा कि बांकीपुर विधानसभा क्षेत्र कृष्ण वल्लभ सहाय, महामाया प्रसाद सिन्हा, ठाकुर प्रसाद एवं नवीन कुमार सिन्हा जैसे दिग्गज नेताओं की कर्मभूमि रही है। उन्होंने कहा कि इस गौरवशाली विधानसभा का प्रतिनिधित्व किसी भी सूरत में अनुचित व्यक्ति के हाथों में नहीं जाना चाहिए। उन्होंने कहा कि वर्तमान में इसी क्षेत्र का प्रतिनिधित्व करने वाले नितिन नवीन भारतीय जनता पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष के रूप में संगठन का नेतृत्व कर रहे हैं। ऐसे में विपक्ष कितना भी जोर-आजमाइश कर ले, बांकीपुर में उसका गलत मंसूबा कभी सफल नहीं होगा।
जदयू प्रदेश अध्यक्ष श्री कुशवाहा ने कहा कि वर्ष 2005 से नीतीश कुमार के नेतृत्व में राजग सरकार ने घर-घर विकास की किरणें पहुँचाई हैं तथा न्याय के साथ विकास और सुशासन का अनुकरणीय माॅडल स्थापित किया है। उन्होंने कहा कि राज्य की जनता ने विकास के इस माॅडल को निकट से देखा और उसका लाभ प्राप्त किया है। इसलिए विपक्ष के दुष्प्रचार का बांकीपुर के मतदाताओं पर कोई असर होने वाला नहीं है।
श्री कुशवाहा ने कहा कि राजग का एक-एक कार्यकर्ता कदम से कदम और कंधे से कंधा मिलाकर प्रत्येक बूथ पर पूरी मजबूती के साथ जुटा हुआ है। उन्होंने कहा कि विपक्ष दूर-दूर तक चुनौती देने की स्थिति में नहीं है।
इस मौके पर राजग उम्मीदवार नीरज कुमार सिन्हा, भाजपा प्रदेश अध्यक्ष संजय सरावगी, राजग के सभी घटक दलों के प्रदेश अध्यक्षगण, सांसद रविशंकर प्रसाद, विधान परिषद में सत्तारूढ़ दल के मुख्य सचेतक संजय कुमार सिंह उर्फ गांधी जी, विधायक सह बांकीपुर विधानसभा प्रभारी अरुण मांझी, विधायक सह बांकीपुर विधानसभा सह-प्रभारी वशिष्ठ सिंह, प्रदेश महासचिव सह विधानसभा सह-प्रभारी कमल नोपानी, प्रदेश महासचिव अनिल कुमार, वासुदेव कुशवाहा, प्रदेश प्रवक्ता डॉ.अनुप्रिया यादव सहित राजग के कई वरिष्ठ नेतागण, पदाधिकारीगण एवं बड़ी संख्या में कार्यकर्ता उपस्थित थे।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित