पटना , जुलाई 23 -- ारतीय जनता पार्टी (भाजपा)के राष्ट्रीय मंत्री ऋतुराज सिन्हा ने कहा कि बांकीपुर विधानसभा उपचुनाव किसी राजनीतिक प्रयोग या किसी व्यक्ति की महत्वाकांक्षा का नहीं, बल्कि बांकीपुर के विकास और जनता के विश्वास का चुनाव है।श्री सिन्हा ने बांकीपुर विधानसभा उपचुनाव के प्रचार के दौरान करबिगहिया और चांदपुर बेला में आयोजित जनसभा को संबोधित करते हुए कहा कि प्रशांत किशोर वर्षों तक दूसरों को चुनाव जिताने की रणनीति बनाते रहे, लेकिन अब बांकीपुर को अपनी राजनीतिक प्रयोगशाला बनाने की कोशिश कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि बांकीपुर की जनता किसी सलाहकार के प्रयोग का हिस्सा नहीं बनेगी।
श्री सिन्हा ने कहा, "बांकीपुर को सलाहकार नहीं, सेवादार की जरूरत है।" जनता ऐसे प्रतिनिधि को चुनेगी जो चुनाव के समय नहीं, बल्कि हर दिन जनता के बीच रहे, उनके सुख-दुख में सहभागी बने और विकास के लिए जवाबदेही के साथ काम करे।उन्होंने कहा कि रणनीतिकार चुनाव की गणित समझता है, लेकिन सेवादार जनता का विश्वास जीतता है। बांकीपुर की जागरूक जनता इस फर्क को अच्छी तरह समझती है और राजनीतिक नैरेटिव नहीं, बल्कि सेवा और कार्य के आधार पर अपना निर्णय करेगी।
भाजपा नेता ने कहा कि भारतीय जनता पार्टी की राजनीति सेवा, सुशासन और विकास पर आधारित है। उन्हें विश्वास है कि बांकीपुर की जनता अवसरवादी राजनीति को नकारते हुए सेवा और समर्पण की राजनीति का समर्थन करेगी।
उन्होंने कहा कि जनता को सलाह देने वाले बहुत मिल जाएंगे, लेकिन जनता के बीच रहकर सेवा करने वाले ही उसका विश्वास जीतते हैं। इसलिए बांकीपुर को सलाहकार नहीं, सेवादार की जरूरत है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित