पटना , जुलाई 10 -- जनसुराज के सूत्रधार प्रशांत किशोर ने बांकीपुर विधानसभा उपचुनाव में भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) उम्मीदवार अभिषेक कुमार सिन्हा बंटी के नाम वापस लेने की घोषणा के बाद शुक्रवार को कहा कि अब तक दूसरों के उम्मीदवारों को नाम वापस लेने के लिए मजबूर करने वाली पार्टी का उम्मीदवार बांकीपुर की जनता का मिजाज देखने के बाद रण छोड़ कर भाग गया है ।
श्री किशोर ने कहा कि प्रजातंत्र में जनबल से बढ़ कर कोई बल नहीं होता है। उन्होंने कहा कि अभी तक यही ट्रेंड था कि लोग भाजपा के उम्मीदवार को देख कर भागते थे, लेकिन इस बार समय ने इंसाफ कर दिया है।
जनसुराज के सूत्रधार ने कहा कि पहले दावा किया जा रहा था कि बांकीपुर भाजपा का बहुत बड़ा गढ़ है, लेकिन इस बार उनको उचित उम्मीदवार तक नही मिल रहा है। उन्होंने कहा कि इस बार बांकीपुर की जनता ने अपना फैसला तय कर लिया है और चुनाव में भाजपा की मुकम्मल हार होगी।
श्री किशोर ने कहा कि फिलहाल राजनीति में उनकी हैसियत एक मुखिया की भी नही है और यह उनका नही, जनता का बल है जिसकी बदौलत उनकी जीत की कहानी लिखी जा रही है। उन्होंने कहा कि उनका मिशन है कि जनता की आवाज बन कर बिहार के मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी को कुर्सी से उतर दें । उन्होंने कहा कि वह अपनी राजनीतिक लड़ाई में ऐसे नेताओं का विरोध करते रहेंगे, जिनका चाल चरित्र और चेहरा संदेह की घेरे में हो।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित