पटना , जुलाई 25 -- बिहार के मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने बांकीपुर विधानसभा उपचुनाव में राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (राजग) समर्थितभारतीय जनता पार्टी (भाजपा)प्रत्याशी नीरज कुमार सिन्हा को भारी मतों से विजयी बनाने की अपील की।
श्री चौधरी ने शनिवार को यहां आयोजित राजग की चुनावी जनसभा को संबोधित करते हुए कहा कि राजग सरकार विकास, सुशासन और जनसेवा के संकल्प के साथ कार्य कर रही है तथा जनता के सहयोग से बिहार को समृद्ध और विकसित राज्य बनाने के लक्ष्य की ओर तेजी से आगे बढ़ रही है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि कुछ दिन पहले वे भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन के साथ मंदिरी नाला पर निर्मित फोरलेन सड़क का उद्घाटन करने आए थे। लंबे समय से इस क्षेत्र के लोगों की यह मांग थी, जिसे राजग सरकार ने पूरा किया। उन्होंने कहा कि एक समय यह इलाका गांव जैसा था, लेकिन आज आधुनिक फोरलेन सड़क बनने से मंदिरी पूरी तरह शहर का स्वरूप ग्रहण कर चुका है।
श्री चौधरी ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के 'विकसित भारत' के संकल्प और पूर्व मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के समृद्ध बिहार के विजन को साकार करने के लिए सरकार पूरी प्रतिबद्धता के साथ कार्य कर रही है। उन्होंने कहा कि इन दोनों नेताओं के सपनों को साकार करने के लिए उनकी सरकार पूरी शक्ति और समर्पण के साथ बिहार के विकास में जुटी है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित