पटना , जुलाई 07 -- बिहार के उपमुख्यमंत्री और जनतादल यूनाइटेड (जदयू) के वरिष्ठ नेता विजय कुमार चौधरी ने मंगलवार को कहा कि बांकीपुर विधानसभा उपचुनाव के विपक्ष की ओर से उम्मीदवार कोई भी हो, लेकिन जीत राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (राजग) की ही होगी।

श्री चौधरी ने कहा कि बांकी पुर विधानसभा सीट राजग की परम्परागत सीट रही है और वहाँ के मतदाताओं ने गठबंधन को लगातार आशीर्वाद दिया है। उन्होंने कहा कि पिछले विधानसभा चुनाव ने मतदाताओं ने राजग उम्मीदवार को प्रचंड जीत दिलाई थी और इस बार भी उसकी पुनरावृति होगी।

उपमुख्यमंत्री ने कहा कि आगामी 10 जुलाई को राजग की महत्वपूर्ण बैठक आयोजित होगी, जिसमें गठबंधन के सभी जिला अध्यक्षों के साथ बिहार सरकार के सभी मंत्रीगण भाग लेंगे। इस बैठक में सरकार के कामकाज के संबंध में पार्टी के पदाधिकारियों से फीडबैक प्राप्त किया जाएगा।

श्री चौधरी ने आज जदयू प्रदेश कार्यालय, पटना में आयोजित जनसुनवाई कार्यक्रम में प्रदेश के विभिन्न जिलों से आए फरियादियों की समस्याओं को गंभीरतापूर्वक सुना तथा उनके विधिसम्मत एवं त्वरित निष्पादन सुनिश्चित करने के लिए संबंधित अधिकारियों को दूरभाष के माध्यम से आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित