पटना , जुलाई 14 -- भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के प्रदेश अध्यक्ष संजय सरावगी ने मंगलवार को दावा किया कि बांकीपुर की जनता विकास, सुशासन और राष्ट्रहित की राजनीति के साथ है तथा राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (राजग) प्रत्याशी नीरज कुमार सिन्हा को भारी मतों से विजयी बनाएगी। भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष और राज्यसभा सांसद नितिन नवीन ने आज बांकीपुर विधानसभा उपचुनाव के लिए राजग के चुनाव कार्यालय का विधिवत उद्घाटन किया।

‎‎इस मौके पर प्रदेश अध्यक्ष संजय सरावगी ने कहा कि चुनाव कार्यालय का उद्घाटन केवल एक औपचारिक कार्यक्रम नहीं, बल्कि बांकीपुर विधानसभा उपचुनाव में राजग की ऐतिहासिक विजय का शंखनाद है। उन्होंने कहा कि राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन के नेतृत्व और मार्गदर्शन में भाजपा का प्रत्येक कार्यकर्ता पूरे उत्साह और समर्पण के साथ चुनाव मैदान में उतर चुका है।

‎श्री सरावगी ने कहा कि बांकीपुर की जनता विकास, सुशासन और राष्ट्रहित की राजनीति के साथ मजबूती से खड़ी है। उन्होंने विश्वास जताया कि राजग प्रत्याशी नीरज कुमार सिन्हा भारी मतों से विजयी होंगे और बांकीपुर एक बार फिर कमल खिलाकर विकास की राजनीति पर अपनी मुहर लगाएगा।

भाजपा ‎प्रदेश अध्यक्ष श्री सरावगी ने कहा कि नितिन नवीन ने विधायक के रूप में बांकीपुर में विकास कार्यों की मजबूत नींव रखी। सड़क, नाली, पेयजल, शिक्षा, स्वास्थ्य और आधारभूत संरचना के क्षेत्र में हुए कार्य आज भी जनता के बीच उनकी कार्यशैली की पहचान हैं। यही कारण है कि बांकीपुर के मतदाता भाजपा और राजग के प्रति पूर्ण विश्वास व्यक्त कर रहे हैं।

‎श्री सरावगी ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और पूर्व मुख्यमंत्री नीतीश कुमार , मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी के नेतृत्व में केंद्र और बिहार सरकार ने जनकल्याण, आधारभूत संरचना, महिला सशक्तिकरण, युवाओं के रोजगार तथा गरीब कल्याण के क्षेत्र में ऐतिहासिक कार्य किए हैं। इन्हीं उपलब्धियों के आधार पर राजग जनता के बीच जा रहा है और उसे व्यापक जनसमर्थन प्राप्त हो रहा है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित