पटना , जुलाई 18 -- जनता दल यूनाइटेड (जदयू) के राष्ट्रीय प्रवक्ता राजीव रंजन प्रसाद ने भरोसा जताते हुए कहा कि बांकीपुर विधानसभा उपचुनाव में राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (राजग) समर्थित उम्मीदवार नीरज कुमार सिन्हा रिकाॅर्ड मतों से जीत हासिल करेंगे।
श्री प्रसाद ने आज बयान जारी कर कहा कि इस विधानसभा क्षेत्र के मतदाताओं में राजग उम्मीदवार के पक्ष में जबरदस्त उत्साह और सकारात्मक माहौल देखने को मिल रहा है, जो चुनाव परिणाम में स्पष्ट रूप से दिखाई देगा। उन्होंने कहा कि बांकीपुर विधानसभा सीट भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) की पारंपरिक एवं मजबूत सीट रही है। पटना जिले की इस महत्वपूर्ण विधानसभा सीट पर इस बार भी मतदाता विकास, सुशासन और स्थिर नेतृत्व के पक्ष में मतदान करेंगे तथा विपक्ष की सारी राजनीतिक रणनीतियां विफल साबित होंगी।
जदयू प्रवक्ता ने कहा कि लालू-राबड़ी शासनकाल के दौरान बांकीपुर विधानसभा क्षेत्र विकास की मुख्यधारा से काफी हद तक उपेक्षित रहा। इसके विपरीत, पूर्व मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के 21 सालों के शासनकाल के दौरान इस क्षेत्र के सर्वांगीण विकास के लिए लगातार कार्य किए गए। इस दौरान नई सड़कें, फ्लाईओवरों, मोहल्लों एवं गलियों में पक्की सड़कों सहित आधारभूत संरचना का व्यापक विस्तार हुआ, जिससे क्षेत्र के लोगों का जीवन स्तर बदला। उन्होंने कहा कि बांकीपुर की जनता ने इस विकास को न केवल देखा है, बल्कि प्रत्यक्ष रूप से महसूस भी किया है।उन्होंने कहा कि जिन राजनीतिक दलों के शासनकाल में यह क्षेत्र पिछड़ेपन और अव्यवस्था का शिकार रहा, वही दल आज चुनाव के समय बड़े-बड़े वादे और नए सपने दिखाने की कोशिश कर रहे हैं,लेकिन बांकीपुर की जागरूक जनता विपक्ष के दावों और उसके पिछले शासन के रिकाॅर्ड से भली-भांति परिचित है। इसलिए मतदाता खोखले वादों के बजाय विकास, सुशासन और विश्वसनीय नेतृत्व पर भरोसा करेंगे।
श्री प्रसाद ने विश्वास व्यक्त करते हुए कहा कि बांकीपुर की जनता एक बार फिर विकास और सुशासन के पक्ष में अपना जनादेश देकर राज समर्थित उम्मीदवार नीरज कुमार सिन्हा को रिकाॅर्ड मतों से विजयी बनाएगी।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित