पटना , जुलाई 28 -- राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (राजग) ने प्रतिष्ठा का विषय बन चुके बांकीपुर विधानसभा उपचुनाव में प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री नीतीश कुमार का राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (राजग) प्रत्याशी नीरज सिन्हा के पक्ष में मतदान का वीडियो जारी कर अपना ब्रम्हास्त्र छोड़ दिया है।

जनता दल यूनाइटेड (जदयू) की ओर से आधिकारिक तौर से जारी इस वीडियों में पूर्व मुख्यमंत्री श्री कुमार बांकीपुर में राजग प्रत्याशी नीरज सिन्हा के पक्ष में मतदान की अपील करते दिखाई दे रहे हैं। इस दौरान श्री कुमार ने बिहार में राजग सरकार के दो दशकों तक न्याय के साथ किये गए विकास कार्यों की चर्चा की और कहा कि विकास की इस गति को भविष्य में बनाये रखने और विकसित बिहार की परिकल्पना को साकार करने के लिए गठबंधन के पक्ष में मतदाताओं का समर्थन और एक एक वोट महत्वपूर्ण है।

श्री कुमार ने इस वीडियो में बांकीपुर के मतदाताओं से अपील की है कि वह आगामी 30 जुलाई को होने वाले मतदान में भाजपा प्रत्याशी नीरज सिन्हा को समर्थन दें और उन्हें भारी मतों से विजयी बनायें।

उल्लेखनीय है कि जनसुराज के सूत्रधार प्रशांत किशोर के चुनावी मैदान में उतरने के बाद भाजपा की यह परम्परागत सीट प्रतिष्ठा का विषय बन गई है। राजग के चालीस स्टार प्रचारक और सैकड़ों विधायक,विधान पार्षद तथा सांसद क्षेत्र में चुनाव प्रचार कर रहे हैं। ऐसी परिस्थिति में चुनाव से महज दो दिन पहले नीतीश कुमार का यह वीडियों मास्टर स्ट्रोक की तरह देखा जा रहा है।

दूसरी तरफ विपक्षी दलों खास कर जनसुराज के उम्मीदवार प्रशांत किशोर ने आरोप लगाया है कि श्री कुमार का यह वीडियो फेक है और इसे चुनावी प्रोपेगेंडा के तहत एआई से तैयार किया गया है। उन्होंने इस वीडियों की शिकायत चुनाव आयोग को भेजे जाने की बात भी कही है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित