पटना , अगस्त 05 -- हाल में संपन्न बांकीपुर विधानसभा उपचुनाव की समीक्षा तथा संत शिरोमणि गुरु रविदास की 650वीं जयंती समारोह की तैयारियों को लेकर भारतीय जनता पार्टी(भाजपा) के प्रमुख नेताओं एवं संगठन से जुड़े कार्यकर्ताओं की एक बैठक बुधवार को आयोजित की गई।

भाजपा मुख्यालय में आयोजित इस संगठनात्मक बैठक में बिहार के मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी, भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष संजय सरावगी, प्रदेश संगठन महामंत्री भिखू भाई दलसानिया, मंत्री राम कृपाल यादव के साथ पार्टी के वरिष्ठ नेता, पदाधिकारी और कार्यकर्ता शामिल हुए।

प्रदेश अध्यक्ष श्री सरावगी ने बैठक को संबोधित करते हुए कहा कि भाजपा केवल चुनाव लड़ने वाला संगठन नहीं है, बल्कि राष्ट्रवाद, सामाजिक समरसता और जनसेवा के आदर्शों के प्रति प्रतिबद्ध संगठन है। उन्होंने पार्टी कार्यकर्ताओं को संगठन की सबसे बड़ी ताकत बताते हुए आगामी सभी कार्यक्रमों को व्यापक जनभागीदारी के साथ सफल बनाने का आह्वान किया।

श्री सरावगी ने गुरु रविदास जयंती की तैयारियों का उल्लेख करते हुए बताया कि उनकी 650वीं जयंती के अवसर पर मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी 07 अगस्त को पटना से बिहार के सभी जिलों के लिए पवित्र कलशों को रवाना करेंगे। वाराणसी से लाए गए इन कलशों को ज्ञान भवन में आयोजित विशेष समारोह के दौरान भाजपा के जिला अध्यक्षों को सौंपा जाएगा।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित