बांका , जून 29 -- बिहार के बांका जिले में जिलेबियामोड़ थाना क्षेत्र के रंगा गांव से तीन दिन पूर्व लापता हुई एक महिला की हत्या का पुलिस ने खुलासा करते हुए उसके पति और सास को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस अधीक्षक अनिमेश कुमार ने सोमवार को बताया कि जिलेबियामोड़ थाना क्षेत्र के रंगा गांव निवासी प्रियंका कुमारी की हत्या कर उसके शव के अलग-अलग हिस्सों को ठिकाने लगाने का प्रयास किया गया था। पुलिस ने उसका सिर ड्राम्हार बहियार में मिट्टी के नीचे से तथा धड़ रंगा सिंचाई विभाग के खंडहरनुमा परिसर स्थित शौचालय की टंकी से बरामद किया।
पुलिस अधीक्षक ने बताया कि मृतका के पिता सुखदेव पंडित के बयान पर प्राथमिकी दर्ज की गई है। मामले की जांच के दौरान हत्या में संलिप्त पाए जाने पर मृतका के पति विवेक पंडित और सास मधुबाला उर्फ विमला देवी को गिरफ्तार कर लिया गया।
श्री कुमार ने बताया कि हत्या में प्रयुक्त हथियार भी बरामद कर लिया गया है। शव को पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल, बांका भेज दिया गया है। मामले में आगे की विधिसम्मत कार्रवाई की जा रही है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित