सतना , नवम्बर 18 -- राज्यपाल मंगुभाई पटेल ने कहा कि भगवान बिरसा मुंडा जनजातीय आन-बान-शान के प्रतीक और राष्ट्र भक्ति के प्रखर पुंज थे। मात्र 25 वर्ष की आयु में उन्होंने ब्रिटिश हुकूमत के खिलाफ जनजातीय समाज के अधिकारों के लिए अदम्य साहस के साथ संघर्ष किया और अपने बलिदान से इतिहास में अमर हो गए। वे मंगलवार को सतना जिले के मझगवां विकासखंड के ग्राम बांका में भगवान बिरसा मुंडा की प्रतिमा के अनावरण और जनजातीय विकास सम्मेलन को संबोधित कर रहे थे।

राज्यपाल श्री पटेल ने कहा कि जनजातीय हकों और अधिकारों की रक्षा के लिए जननायकों ने जो कार्य किए हैं, उनसे प्रेरणा लेकर समाज उन्नति की दिशा में कार्य किया जाना चाहिए। उन्होंने बताया कि केंद्र व राज्य सरकार जनजातीय कल्याण के लिए निरंतर प्रयासरत है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में जनमन योजना के तहत 24 हजार करोड़ और धरती आबी ग्राम उत्कर्ष अभियान के तहत 80 हजार करोड़ रुपए का प्रावधान किया गया है। इसके साथ ही आदि कर्मयोगी योजना के माध्यम से भी जनजातीय क्षेत्रों में विशेष कार्य किए जा रहे हैं।

राज्यपाल ने कहा कि जनजातीय समुदाय की शिक्षा और स्वास्थ्य के लिए राज्य सरकार द्वारा विशेष प्रबंध किए गए हैं। अनुवांशिक बीमारी सिकल सेल एनीमिया की जांच और उपचार के व्यापक प्रयासों के तहत अब तक एक करोड़ 25 लाख व्यक्तियों की जांच और एक करोड़ डिजिटल कार्ड वितरित किए जा चुके हैं।

कार्यक्रम में केंद्रीय जनजाति राज्यमंत्री दुर्गादास उईके ने कहा कि भगवान बिरसा मुंडा की 150वीं जयंती पूरे देश में उत्सव के रूप में मनाई जा रही है। वे स्वाभिमान, सांस्कृतिक एकता और गौरव के प्रतीक हैं। राज्य मंत्री प्रतिमा बागरी ने कहा कि केंद्र और राज्य सरकार जनजातीय कल्याण के लिए प्रतिबद्ध है और इस दिशा में अनेक योजनाएँ संचालित की जा रही हैं। दीनदयाल शोध संस्थान के संगठन सचिव अभय महाजन ने बताया कि प्रतिमा अनावरण और सम्मेलन स्थानीय जनजातीय समुदाय के सहयोग से संपन्न हुआ।

कार्यक्रम की शुरुआत राज्यपाल द्वारा प्रतिमा स्थल पर पौधारोपण से हुई। इसके बाद उन्होंने भगवान बिरसा मुंडा की प्रतिमा का अनावरण किया और जनजातीय नायकों व गौरव पर आधारित प्रदर्शनी का अवलोकन किया। मौके पर जनप्रतिनिधि, संस्थान के पदाधिकारी, वरिष्ठ अधिकारी और बड़ी संख्या में जनजातीय समुदाय के प्रतिनिधि उपस्थित रहे।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित