बांका , जून 01 -- बिहार निगरानी अन्वेषण ब्यूरो ने सोमवार को बांका जिले में साउथ बिहार पॉवर डिस्ट्रीब्यूशन कम्पनी लिमिटेड के सहायक विद्युत अभियंता विजेन्द्र कुमार को 20 हजार रूपये रिश्वत लेते हुए गिरफ्तार कर लिया।

ब्यूरो सूत्रों ने बताया कि बांका जिले के धोरैया थाना क्षेत्र निवासी और परिवादी मनोज कुमार यादव ने पटना ब्यूरो के कार्यालय में शिकायत दर्ज कराई थी किसहायक विद्युत अभियंता विजेन्द्र कुमार के द्वारा उनके घर स्थित किराना के दुकान में वाणिज्यिक कनेक्शन न होने के कारण लगे जुर्माने को मैनेज करने के एवज में रिश्वत की माँग की जा रही है।ब्यूरो द्वारा प्राप्त शिकायत का सत्यापन कराया गया एवं सत्यापन के क्रम में आरोपी द्वारा रिश्वत मांगे जाने का प्रमाण पाया गया। प्रथम दृष्टया आरोप सही पाये जाने के बाद कांड अंकित कर पटना ब्यूरो के पुलिस उपाधीक्षक और अनुसंधानकर्ता सत्येन्द्र राम के नेतृत्व में एक धावादल का गठन किया गया।

सूत्रों ने बताया कि धावादल द्वारा कार्रवाई करते हुए प्राथमिकी अभियुक्त विजेन्द्र कुमार को 20 हजार रूपये रिश्वत लेते हुए बिजली ऑफिस, रजौन स्थित उसके कार्यालय कक्ष से गिरफ्तार किया गया है।अभियुक्त से पूछताछ के बाद उसे भागलपुर निगरानी की विशेष अदालत में पेश किया जायेगा।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित