बांका , मई 28 -- बिहार में बांका जिले के रजौन थाना क्षेत्र के खैरा गांव के कारोबारी मिथिलेश कुमार उर्फ वीडियो हत्याकांड मामले में पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए पांच अपराधियों को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस अधीक्षक उपेन्द्र नाथ वर्मा ने गुरुवार को बताया कि गिरफ्तार आरोपियों में रजौन थाना क्षेत्र के खैरा गांव निवासी सुमन कुमार साह और मिथिलेश कुमार मंडल, कटियामा गांव के अरविन्द कुमार पोद्दार, धोबीडीह गांव के नागेन्द्र यादव तथा बौसी थाना क्षेत्र के बौनसी गांव के प्रशांत कुमार यादव शामिल हैं।
पुलिस अधीक्षक ने बताया कि एक दिन पूर्व मिथिलेश कुमार अमरपुर रजिस्ट्री ऑफिस से जमीन की रजिस्ट्री कराकर अपने सहयोगी कुन्दन सिंह के साथ घर लौट रहे थे। इसी दौरान अपराधियों ने उन पर ताबड़तोड़ फायरिंग कर दी। घटना में मिथिलेश कुमार की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि कुन्दन सिंह गंभीर रूप से घायल हो गए।घायल कुन्दन सिंह को इलाज के लिए जवाहर लाल नेहरू मेडिकल कॉलेज अस्पताल, भागलपुर में भर्ती कराया गया है, जहां उनका उपचार जारी है।इस मामले में मृतक की पत्नी नूतन देवी के बयान पर प्राथमिकी दर्ज की गई है। उन्होंने बताया कि पुलिस मामले की जांच कर रही है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित