सागर , जुलाई 26 -- मध्यप्रदेश में सागर जिले के बहेरिया थाना क्षेत्र में सागर-दमोह-जबलपुर स्टेट हाईवे पर कार और मोटरसाइकिल की आमने-सामने की टक्कर में दो युवकों और एक युवती की मौत हो गई। पुलिस ने कार जब्त कर मामले की जांच शुरू कर दी है।
पुलिस के अनुसार दुर्घटना के बाद मोटरसाइकिल सवार उछलकर बहेरिया थाना परिसर की रेलिंग तोड़ते हुए अंदर जा गिरे, जबकि अनियंत्रित कार भी रेलिंग से टकराकर रुक गई। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और स्थानीय लोगों की सहायता से सभी घायलों को अस्पताल पहुंचाया।
चिकित्सकों ने परीक्षण के बाद रामचरण अहिरवार, निवासी बरायठा और सुनील अहिरवार, निवासी बराज, को मृत घोषित कर दिया। गंभीर रूप से घायल खुशबू अहिरवार, निवासी बम्होरी बीका, को बुंदेलखंड मेडिकल कॉलेज (बीएमसी) सागर में भर्ती कराया गया, जहां उपचार के दौरान उसकी भी मृत्यु हो गई।
पुलिस ने बताया कि हादसे में कार सवार अमित यादव और उसके साथ मौजूद एक अन्य युवक को मामूली चोटें आई हैं। कार को जब्त कर दोनों से घटना के संबंध में पूछताछ की जा रही है। बहेरिया थाना प्रभारी शशिकांत गुर्जर ने बताया कि दुर्घटना में तीन लोगों की मृत्यु हुई है। दो युवकों के शवों का पोस्टमार्टम कराकर परिजनों को सौंप दिया गया है। मामले की जांच जारी है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित