चंडीगढ़ , जुलाई 11 -- पंजाब में नगर निगमों और नगर परिषदों के चुनावों के बाद मेयर एवं परिषद अध्यक्षों के चुनाव को लेकर भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) ने आम आदमी पार्टी सरकार पर लोकतांत्रिक प्रक्रिया से छेड़छाड़ और प्रशासनिक मशीनरी के दुरुपयोग का आरोप लगाया है। इस संबंध में पंजाब भाजपा अध्यक्ष सरदार केवल सिंह ढिल्लों के नेतृत्व में पार्टी के एक प्रतिनिधिमंडल ने शनिवार को पंजाब के राज्यपाल गुलाब चंद कटारिया को ज्ञापन सौंपकर तत्काल हस्तक्षेप की मांग की। राज्यपाल से मुलाकात के बाद मीडिया से बातचीत करते हुए श्री ढिल्लों ने आरोप लगाया कि आम आदमी पार्टी सरकार ने राजनीतिक लाभ के लिए पूरे चुनावी तंत्र का दुरुपयोग किया। उन्होंने कहा कि पहले वार्डों के परिसीमन में कथित रूप से अपनेहितों के अनुसार बदलाव किये गये, फिर विपक्षी उम्मीदवारों को डराने-धमकाने, उनके नामांकन पत्र छीनने और चुनाव लड़ने से रोकने का प्रयास किया गया। उन्होंने आरोप लगाया कि मतदान और मतगणना के दौरान भी प्रशासन की मिलीभगत से गंभीर अनियमितताएं हुईं।
उन्होंने दावा किया कि जिन निकायों में आम आदमी पार्टी के पास स्पष्ट बहुमत नहीं था, वहां भी प्रशासनिक हस्तक्षेप के जरिए उसके उम्मीदवारों को मेयर और नगर परिषद अध्यक्ष बनाया जा रहा है। उन्होंने कहा कि भाजपा ने राज्यपाल को ऐसे मामलों से जुड़े दस्तावेजी साक्ष्य भी सौंपे हैं।
अबोहर नगर निगम का उदाहरण देते हुए उन्होंने कहा कि 50 सदस्यीय सदन में भाजपा के पास 28 पार्षदों और एक विधायक के समर्थन सहित स्पष्ट बहुमत था, जबकि आम आदमी पार्टी के पास केवल 20 वोट थे। इसके बावजूद प्रशासन ने आप उम्मीदवार को मेयर घोषित करने का प्रयास किया। भाजपा के विरोध के बाद मेयर चुनाव स्थगित करना पड़ा। उन्होंने आरोप लगाया कि इसी तरह की घटनाएं राजपुरा, कपूरथला, बरनाला और अन्य स्थानों पर भी देखने को मिलीं, जो संवैधानिक लोकतंत्र पर गंभीर हमला है। भाजपा ने अपने ज्ञापन में चुनाव प्रक्रिया और अधिकारियों की भूमिका की जांच के लिए राज्य सरकार से स्वतंत्र, निष्पक्ष और समयबद्ध जांच प्राधिकरण गठित करने की मांग की है। साथ ही अबोहर, कपूरथला, राजपुरा, बरनाला तथा अन्य प्रभावित निकायों से संबंधित सभी चुनावी रिकॉर्ड, वीडियो फुटेज और सरकारी दस्तावेज सुरक्षित रखने और उनकी जांच कराने की भी मांग की गयी है। पार्टी ने राजनीतिक दबाव में अवैध कार्रवाई करने वाले अधिकारियों के खिलाफ कानूनी कार्रवाई, जहां चुनाव प्रक्रिया प्रभावित हुई वहां दोबारा निष्पक्ष चुनाव कराने तथा भविष्य में प्रशासन की राजनीतिक निष्पक्षता सुनिश्चित करने के निर्देश जारी करने की भी मांग की है।
श्री ढिल्लों ने आरोप लगाया कि आम आदमी पार्टी ने लोकतांत्रिक तरीके से नहीं, बल्कि प्रशासनिक मशीनरी का दुरुपयोग कर जनादेश को 'लूटा' है।भाजपा के अनुसार, राज्यपाल गुलाब चंद कटारिया ने प्रतिनिधिमंडल की बात ध्यानपूर्वक सुनी और आश्वासन दिया कि लगाये गये आरोपों की निष्पक्ष जांच कर कानून के अनुसार उचित कार्रवाई की जाएगी।
प्रतिनिधिमंडल में श्री ढिल्लों के अलावा वरिष्ठ नेता सुनील जाखड़, अश्विनी शर्मा, जंगी लाल महाजन, राकेश राठौर, दयाल सिंह सोढ़ी, परमिंदर सिंह बराड़, अमनजोत कौर रामूवालिया, सुभाष शर्मा, विनीत जोशी और काका कंबोज शामिल थे।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित