ऋषिकेश , जून 19 -- उत्तराखंड के ऋषिकेश में नगर निगम परिसर में निर्माणाधीन बहुमंजिला पार्किंग एवं नए कार्यालय भवन का महापौर शम्भू पासवान ने शुक्रवार को अधिकारियों के साथ स्थलीय निरीक्षण किया और निर्माण कार्य की प्रगति का जायजा लेते हुए परियोजना को निर्धारित समय सीमा में उच्च गुणवत्ता के साथ पूरा करने के निर्देश दिए।
निरीक्षण के दौरान महापौर ने कार्यदायी संस्था को निर्माण कार्य में तेजी लाने की हिदायत देते हुए कहा कि यह ऋषिकेश की एक महत्वपूर्ण और महत्वाकांक्षी परियोजना है, जिसका लाभ स्थानीय नागरिकों, श्रद्धालुओं और पर्यटकों को शीघ्र मिलना चाहिए। उन्होंने कहा कि परियोजना के पूर्ण होने से शहर की यातायात व्यवस्था को मजबूती मिलेगी और पार्किंग की समस्या का काफी हद तक समाधान होगा।
महापौर पासवान ने कहा कि बहुमंजिला पार्किंग के शुरू होने के बाद शहर के मुख्य बाजारों और प्रमुख पर्यटन स्थलों पर आने वाले लोगों को वाहन पार्किंग के लिए भटकना नहीं पड़ेगा। इससे सड़क किनारे खड़े वाहनों की संख्या कम होगी और ट्रैफिक जाम की समस्या से भी राहत मिलेगी। उन्होंने इसे ऋषिकेश की यातायात व्यवस्था को सुचारु बनाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम बताया।
निर्माण कार्य की गुणवत्ता पर विशेष जोर देते हुए महापौर ने संबंधित अधिकारियों और ठेकेदार को स्पष्ट निर्देश दिए कि निर्माण में किसी भी प्रकार की लापरवाही या मानकों से समझौता स्वीकार नहीं किया जाएगा। उन्होंने गुणवत्तापूर्ण निर्माण सामग्री के उपयोग तथा कार्यों की नियमित निगरानी सुनिश्चित करने के निर्देश भी दिए।
निरीक्षण के दौरान नगर आयुक्त विजय नाथ शुक्ला, सहायक नगर आयुक्त चन्द्रकांत भट्ट, अधिशासी अभियंता अनिल नेगी, एमडीडीए के अधिकारी सुनील कुमार, सहायक अभियंता अभिषेक भारद्वाज, यूपीसीएल के अधिकारी अर्चित कुमार, ठेकेदार राकेश शर्मा सहित नगर निगम के अन्य अधिकारी और कर्मचारी मौजूद रहे।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित