मुंबई , जून 19 -- महाराष्ट्र की राजधानी मुंबई के उपनगरीय क्षेत्र चूनाभट्टी में बनी एक बहुमंजिला इमारत की छत की मुंडेर की दीवार से प्लास्टर गिरने के कारण एक 55 वर्षीय राहगीर की मौत हो गयी।

अग्निशमन दल के सूत्रों के अनुसार, यह घटना कल रात साढ़े 12 बजे उमरवाड़ी, कुरैशी नगर स्थित गैलेक्सी अपार्टमेंट में हुई। अधिकारियों ने बताया कि छत की मुंडेर की दीवार का एक हिस्सा टूटकर नीचे से गुजर रहे व्यक्ति पर गिर गया।

अग्निशमन और बचाव दल के पहुंचने से पहले ही स्थानीय लोगों ने घायल 55 वर्षीय व्यक्ति अब्दुल वहाब को सरकारी सायन अस्पताल पहुंचाया, लेकिन वहां डॉक्टरों ने उन्हें भर्ती करने से पहले ही मृत घोषित कर दिया।

अग्निशमन दल ने सावधानी बरतते हुए बांस और अन्य उपकरणों की मदद से दीवार के खतरनाक तरीके से लटके हुए बाकी हिस्से को हटा दिया है।

सुरक्षा के लिहाज से पुलिस, एम्बुलेंस और स्थानीय नगर निगम के कर्मचारियों ने दुर्घटना वाले क्षेत्र की घेराबंदी कर दी है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित