ग्रेटर नोएडा पश्चिम , जून 21 -- उत्तर प्रदेश में ग्रेटर नोएडा बिसरख थाना क्षेत्र स्थित एक बहुमंजिला सोसाइटी में रविवार को दर्दनाक हादसे में एक युवती की सोलहवीं मंजिल से गिरकर मौत हो गई।

पुलिस ने घटना की जानकारी देते हुए बताया कि बिसरख थाना पर सूचना प्राप्त हुई थी कि आम्रपाली गोल्फ होम्स सोसाइटी में एक युवती ऊंची मंजिल से गिर गई है। मौके पर पहुंची पुलिस टीम ने पाया कि युवती की मृत्यु हो चुकी थी। मृतका की पहचान तनिष्का तोमर पुत्री आरेन्द्र सिंह तोमर (19) के रूप में हुई है।

पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पंचायतनामा भरने की कार्रवाई पूरी की और पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। घटना के समय मृतका के परिजन भी मौके पर मौजूद थे। पुलिस द्वारा परिजनों से पूछताछ कर घटना के संबंध में जानकारी जुटाई जा रही है।

फिलहाल युवती के गिरने के कारणों का स्पष्ट पता नहीं चल सका है। पुलिस सभी पहलुओं को ध्यान में रखते हुए मामले की जांच कर रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट और जांच के बाद ही मौत के वास्तविक कारणों का खुलासा हो सकेगा।

थाना बिसरख पुलिस का कहना है कि मामले में अन्य आवश्यक विधिक कार्रवाई की जा रही है तथा जांच के आधार पर आगे की कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित