बिहारशरीफ , मार्च 03 -- बिहार के ग्रामीण विकास एवं परिवहन मंत्री और जनता दल यूनाईटेड (जदयू) के वरिष्ठ नेता श्रवण कुमार ने मंगलवार को कहा कि मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के पुत्र निशांत कुमार जल्द ही राजनीति में आएंगे।

मंत्री श्री कुमार ने आज यहां पत्रकारों से बातचीत में कहा कि जदयू पार्टी के नेता, बिहार की जनता और युवाओं की बहुत दिनों से मांग थी निशांत कुमार बिहार की राजनीति में आयें। उन्होंने कहा कि निशांत जल्द ही अपना राजनीतिक सफर शुरू करेंगे। यह पार्टी के सभी कार्यकताओं और नेताओं के लिए खुशी की बात है।

मंत्री श्री कुमार ने कहा कि निशांत पढ़े-लिखे इंसान हैं और उनके राजनीति में आने के बाद जदयू और मजबूत होगी।उन्होंने कहा कि उन्हें पूरा भरोसा है कि निशांत पार्टी और राजनीति के क्षेत्र में अपनी काबिलियत साबित करेंगे। उन्होंने निशांत को राजनीति के करियर में सफलता की भी शुभकामनाएं दीं। उन्होंने कहा कि निशांत के राजनीति में आने का कार्यकर्ताओं का इंतजार जल्द ही खत्म होगा।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित