बाराबंकी , मार्च 15 -- आजाद समाज पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष और नगीना से सांसद चंद्रशेखर आजाद ने कहा कि बहुजन समाज के लोगों को अब जागरूक होकर राजपाठ हासिल करना होगा। पहले युद्ध तलवारों से होते थे, लेकिन लोकतंत्र में अब बटन दबाकर चोट की जाती है।

चंद्रशेखर आजाद हैदरगढ़ रोड स्थित मजीठा में कांशीराम जयंती और पार्टी के स्थापना दिवस पर आयोजित जनसभा को संबोधित कर रहे थे। उन्होंने प्रदेश सरकार पर निशाना साधते हुए कहा कि सरकार कानून व्यवस्था मजबूत होने का दावा करती है, लेकिन प्रदेश में खुलेआम हत्याएं हो रही हैं।

उन्होंने कहा कि सरकारी दफ्तरों में भ्रष्टाचार फैला हुआ है और आम लोगों को न्याय पाने में कठिनाई हो रही है। उन्होंने बताया कि जब वह बाराबंकी आ रहे थे तो रास्ते में उनकी गाड़ी पर पत्थर फेंके गए। यह पत्थर उन पर नहीं बल्कि सरकार के उन दावों पर फेंके गए हैं, जिनमें कानून व्यवस्था मजबूत होने की बात कही जाती है।

सांसद ने कहा कि डा भीमराव आंबेडकर ने जो सपना देखा था, वह उनके जाने के बाद अधूरा रह गया। उस सपने को पूरा करने के लिए कांशीराम ने लंबा संघर्ष किया और अब उसी मिशन को आजाद समाज पार्टी आगे बढ़ाने का काम कर रही है। उन्होंने कहा कि कुछ लोग उन्हें बदनाम करने की कोशिश कर रहे हैं और यह प्रचार किया जाता है कि वह किसी धर्म के खिलाफ अपशब्द कहते हैं, जबकि उनका पुराना इतिहास देखा जा सकता है। उन्होंने कभी किसी धर्म के खिलाफ अपमानजनक शब्दों का प्रयोग नहीं किया है और यह सब केवल उन्हें बदनाम करने की साजिश है।

चंद्रशेखर आजाद ने कहा कि बहुजन समाज को अब अपने अधिकारों के लिए आगे आना होगा। लोकतंत्र में मतदान ही सबसे बड़ा हथियार है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित