देहरादून/कोटद्वार , जून 17 -- उत्तराखंड की विधानसभा अध्यक्ष ऋतु खण्डूरी भूषण ने बुधवार को अपने निर्वाचन क्षेत्र कोटद्वार अन्तर्गत राजकीय प्राथमिक विद्यालय पदमपुर मोटाढांग में समाज कल्याण विभाग द्वारा आयोजित बहुउद्देशीय शिविर में बतौर मुख्य अतिथि प्रतिभाग किया। जिसमें उन्होंने भारत इलेक्ट्रॉनिक्स लिमिटेड (बीईएल) द्वारा अपनी कॉर्पोरेट सामाजिक उत्तरदायित्व (सीएसआर) योजना के अंतर्गत दिव्यांगजनों को 100 नॉर्मल व्हील चेयर तथा 10 इलेक्ट्रिक व्हील चेयर प्रदान की।
शिविर में बड़ी संख्या में दिव्यांगजन लाभान्वित हुए। इस दौरान, दिव्यांगता प्रमाण पत्र, आधार कार्ड संबंधी सेवाएं, छड़ी, बैसाखी एवं अन्य सहायक उपकरण भी लाभार्थियों को उपलब्ध कराये गये।
श्रीमती भूषण ने इस अवसर पर बीईएल द्वारा किये जा रहे सामाजिक कार्यों की सराहना करते हुए कहा कि इस प्रकार की पहल दिव्यांगजनों के जीवन को सुगम एवं आत्मनिर्भर बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाती है। उन्होंने कहा कि सरकार एवं सामाजिक संस्थाओं के समन्वित प्रयासों से समाज के अंतिम व्यक्ति तक सहायता पहुंचाई जा सकती है।
कार्यक्रम में समाज कल्याण अधिकारी रोहित दुब्रियाल, संजीव पाल, सक्षम संस्था से योगेम्बर सिंह, भारत इलेक्ट्रॉनिक्स लिमिटेड के महाप्रबंधक अम्बरीश त्रिपाठी, मण्डल अध्यक्ष आशीष रावत, पार्षद सौरव नौडियाल, अमित नेगी, जे.पी. बहुखण्डी, विवेक भारती, आराधना द्विवेदी, राजेन्द्र जजेड़ी, महेश नेगी सहित अनेक गणमान्य नागरिक मौजूद रहे।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित