हरिद्वार , मई 19 -- उत्तराखंड में हरिद्वार नगर पंचायत रामपुर के सालियर साल्हापुर स्थित रविदास मंदिर में मंगलवार को आयोजित डॉ. भीमराव अम्बेडकर समाज कल्याण बहुउद्देशीय शिविर में बड़ी संख्या में लोगों ने पहुंचकर विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ उठाया।
शिविर में समाज कल्याण योजनाएं एवं अनुश्रवण समिति के उपाध्यक्ष (राज्यमंत्री स्तर) देशराज कर्णवाल ने प्रतिभाग करते हुए अधिकारियों को सभी पात्र लाभार्थियों के आवेदन 15 दिन के भीतर निस्तारित करने के निर्देश दिए।
शिविर में वृद्धावस्था पेंशन, विधवा पेंशन, दिव्यांग पेंशन, छात्रवृत्ति, राशन कार्ड, आयुष्मान कार्ड तथा आवास योजना सहित विभिन्न विभागों से संबंधित समस्याओं को सुना गया। इस दौरान जिला समाज कल्याण अधिकारी, खंड विकास अधिकारी, क्षेत्रीय खाद्य अधिकारी सहित अन्य विभागीय अधिकारी मौजूद रहे।
श्री कर्णवाल ने अधिकारियों को निर्देशित किया कि पात्र लाभार्थियों के आवेदन तत्काल ऑनलाइन कराए जाएं और उनका समयबद्ध निस्तारण सुनिश्चित किया जाए। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के नेतृत्व में सरकार समाज के अंतिम व्यक्ति तक योजनाओं का लाभ पहुंचाने के लिए प्रतिबद्ध है। उन्होंने अधिकारियों से शिविरों को केवल औपचारिकता न मानते हुए गंभीरता से कार्य करने की अपील की।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित