झज्जर , मार्च 23 -- हरियाणा में झज्जर जिले के बहादुरगढ़ स्थित मातन गांव के खेत में एक अज्ञात महिला का शव मिलने से इलाके में सनसनी फैल गई।
महिला का शव गांव के खेतों से गुजर रहे कच्चे नाले में लहूलुहान हालत में पड़ा मिला। शुरुआती जांच में मामला हत्या का प्रतीत हो रहा है। आशंका जताई जा रही है कि महिला की हत्या कहीं और करने के बाद शव को यहां फेंका गया।
पुलिस के अनुसार मृतका के चेहरे और सिर पर गहरी चोट के निशान पाए गए हैं, जिससे हत्या की आशंका और मजबूत हो गई है। महिला की उम्र लगभग 35 से 40 वर्ष के बीच बताई जा रही है, लेकिन अभी तक उसकी पहचान नहीं हो सकी है।
सूचना मिलते ही मांडोठी चौकी पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी। महिला की पहचान के लिए हरियाणा पुलिस ने दिल्ली और आसपास के जिलों के थानों से गुमशुदा महिलाओं का रिकॉर्ड मंगवाया है, ताकि शव की शिनाख्त हो सके।
पुलिस ने हत्या और शव को ठिकाने लगाने से संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज कर लिया है। आसपास के क्षेत्र से सबूत जुटाए जा रहे हैं और यह पता लगाने की कोशिश की जा रही है कि महिला को यहां कब और किसने फेंका।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित