चंडीगढ़ , अक्टूबर 01 -- पंजाब प्रदेश आम आदमी पार्टी (आप) के मीडिया प्रभारी बलतेज पन्नू ने श्री आनंदपुर साहिब की एसजीपीसी संचालित सराय में एक महिला के कथित तौर पर आठ महीने ठहरने के मामले में एसजीपीसी अध्यक्ष हरजिंदर सिंह धामी द्वारा सीबीआई जांच की मांग पर सवाल उठाये हैं।

श्री पन्नू ने गुरुवार को संवाददाता सम्मेलन में कहा कि पंजाब पुलिस पहले ही मामले की जांच कर रही है और एसजीपीसी को जांच में सहयोग करते हुए अपने पास उपलब्ध संबंधित रिकॉर्ड पुलिस को सौंपने चाहिए। उन्होंने कहा कि श्री धामी को महिला के आठ महीने ठहरने और उससे जुड़े खर्चों के बारे में स्पष्टीकरण देना चाहिए। उन्होंने दावा किया कि एसजीपीसी के खाते से महिला के खाते में एक लाख रुपये का स्थानांतरण भी हुआ था और इसका विवरण सार्वजनिक किया जाना चाहिए। उन्होंने सराय के रजिस्टर, महिला के ठहरने की मंजूरी, वाहन और सेवादारों की तैनाती तथा आवास, भोजन और अन्य खर्चों से जुड़े वित्तीय रिकॉर्ड पुलिस को सौंपने की मांग की।

आप नेता ने सवाल किया कि जब संबंधित दस्तावेज एसजीपीसी के पास हैं तो सीबीआई जांच की मांग क्यों की जा रही है। उन्होंने 2015 के बेअदबी मामलों की सीबीआई जांच का हवाला देते हुए कहा कि उस मामले में बाद में क्लोजर रिपोर्ट दाखिल की गयी थी।

श्री पन्नू ने शिरोमणि अकाली दल (बादल) नेता बंटी रोमाणा के पूर्व बयान का भी हवाला देते हुए पूछा कि यदि महिला को पुलिस के पास जाकर प्राथमिकी दर्ज कराने के लिए कहा गया था, तो अब सीबीआई जांच की मांग क्यों की जा रही है। उन्होंने कहा कि यदि एसजीपीसी का मानना है कि कोई अनियमितता नहीं हुई है तो उसे संबंधित सभी दस्तावेज और वित्तीय रिकॉर्ड पंजाब पुलिस को उपलब्ध कराने में हिचकिचाहट नहीं होनी चाहिए। उन्होंने सोशल मीडिया पर महिला को कथित तौर पर निशाना बनाए जाने और परेशान करने वालों के खिलाफ कार्रवाई की भी मांग की।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित