बहराइच , जुलाई 24 -- उत्तर प्रदेश की बहराइच पुलिस ने करीब एक माह पूर्व हुए चर्चित अजय कुमार द्विवेदी हत्याकांड का सफल खुलासा करते हुए हत्या के मुख्य साजिशकर्ता सहित तीन वांछित अभियुक्तों को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से हत्या में प्रयुक्त एक आलाकत्ल बांका भी बरामद किया है। अपर पुलिस अधीक्षक दुर्गा प्रसाद तिवारी ने शुक्रवार को पत्रकारों को बताया कि 30 जून 2026 को मनोज कुमार द्विवेदी निवासी बेलदारन टोला, नानपारा की तहरीर पर थाना नानपारा में मुकदमा संख्या 0234/2026 धारा 103(1), 61(2) बीएनएस के तहत मामला दर्ज किया गया था। शिकायत में बताया गया था कि 29 जून को सरयू नहर रोड स्थित सिसवारी गांव के पास अजय कुमार द्विवेदी की धारदार हथियार से हत्या कर दी गई थी। मामले में सात लोगों को नामजद किया गया था।
जांच के दौरान पुलिस ने पहले तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायिक अभिरक्षा में भेज दिया था, जबकि शेष आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए लगातार प्रयास जारी थे। इसी क्रम में मुखबिर की सूचना पर शुक्रवार को हाड़ा बसेहरी नहर पुल के पास से हत्या के मुख्य आरोपी पप्पू उर्फ समीर खान (44), जय सिंह (32) तथा सकलेन रजा (33) को गिरफ्तार कर लिया गया। तीनों आरोपी श्रावस्ती जनपद के हरदत्तनगर गिरंट थाना क्षेत्र के निवासी हैं।
पुलिस पूछताछ में सामने आया कि मुख्य आरोपी पप्पू उर्फ समीर खान ने मृतक अजय कुमार द्विवेदी को सोशल मीडिया पर तथाकथित तंत्र-मंत्र और "धन वर्षा" कराने वाले वीडियो दिखाकर अपने झांसे में लिया था। आरोपी ने दावा किया था कि विशेष तांत्रिक क्रिया से धन की वर्षा कराई जा सकती है। इस झांसे में आकर मृतक से लगभग 15 लाख रुपये ले लिए गए।
जब तांत्रिक क्रिया विफल रही और मृतक अपने रुपये वापस मांगने लगा तो आरोपी ने रकम लौटाने से बचने के लिए अपने साथियों के साथ मिलकर हत्या की साजिश रच डाली। पुलिस के मुताबिक आरोपियों ने अजय कुमार द्विवेदी को बहाने से सरयू नहर रोड पर बुलाया और धारदार हथियार से हत्या कर दी। इसके बाद घटना को सड़क दुर्घटना का रूप देकर साक्ष्य छिपाने का प्रयास भी किया गया।गिरफ्तार आरोपियों की निशानदेही पर पुलिस ने हत्या में प्रयुक्त बांका बरामद कर लिया है। तीनों आरोपियों को विधिक कार्रवाई पूरी कर न्यायालय भेज दिया गया।
पुलिस के अनुसार, मुख्य आरोपी पप्पू उर्फ समीर खान के विरुद्ध श्रावस्ती जनपद के हरदत्तनगर गिरंट थाने में हत्या के प्रयास, दंगा, बलवा और दुष्कर्म सहित विभिन्न धाराओं में कई आपराधिक मुकदमे पहले से दर्ज हैं।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित