बहराइच , मार्च 18 -- उत्तर प्रदेश में बहराइच जनपद के मटेरा थाना क्षेत्र में बुधवार तेज रफ्तार ट्रक ने बाइक को टक्कर मार दी, जिसके कारण एक महिला और उसके दो वर्षीय पुत्र की मौत हो गई, जबकि महिला का पति गंभीर रूप से घायल हो गया।

प्राप्त जानकारी के अनुसार हादसा बहराइच-नानपारा मार्ग पर मटेरा चौराहे के निकट उस समय हुआ, जब हरदी थाना क्षेत्र निवासी सोनू निषाद अपनी पत्नी मंगला और दो वर्षीय पुत्र शिवा के साथ बाइक से मटेरा से बहराइच की ओर जा रहे थे। इसी दौरान नानपारा की ओर से आ रहे तेज रफ्तार ट्रक (संख्या यूपी 22 टी 4876) ने उनकी बाइक को पीछे से जोरदार टक्कर मार दी।

हादसे में बाइक सवार तीनों लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। सूचना मिलते ही मटेरा पुलिस मौके पर पहुंची और घायलों को तत्काल उपचार के लिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र, रिसिया भिजवाया गया। जहां चिकित्सकों ने परीक्षण के बाद महिला मंगला और उसके पुत्र शिवा को मृत घोषित कर दिया, जबकि गंभीर रूप से घायल सोनू निषाद का इलाज चल रहा है।

घटना की जानकारी मिलते ही गांव में शोक की लहर दौड़ गयी। स्थानीय लोगों ने बताया कि परिवार रिश्तेदार के घर जा रहा था, तभी यह हादसा हो गया।

मटेरा थाना के प्रभारी हरिकेश सिंह ने बताया कि दुर्घटना में शामिल ट्रक को कब्जे में ले लिया गया है तथा चालक की तलाश की जा रही है। मृतकों के शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है और मामले में आवश्यक विधिक कार्रवाई की जा रही है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित