बहराइच , जनवरी 27 -- उत्तर प्रदेश में बहराइच जिले के सुजौली थाना क्षेत्र के कतर्नियाघाट के जंगल में मंगलवार सुबह एक स्कूली वैन के पलटने से उसमें सवार 12 से अधिक बच्चे घायल हो गए। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार यह दुर्घटना बिछिया वन बैरियर के पास हुई। वैन चफरिया स्थित निजी विद्यालय बप्पा जी की थी और नेपाल सीमा से सटे जनजातीय बहुल क्षेत्र बदिया, आमा, विशुनापुर तथा फकीरपुरी से बच्चों को स्कूल ले जा रही थी। घायलों में अनुज (कक्षा 9), सूर्य (कक्षा 8), आदर्श (कक्षा 9), आदर्श (कक्षा 1), सीता (एलकेजी), रियार्थ (नर्सरी), आर्यन (कक्षा 1), रीना (कक्षा 11), साबरीन (कक्षा 2), कृष (नर्सरी) तथा अकबर रज़ा (एलकेजी) शामिल हैं। इनमें से सूर्य को गंभीर चोटें आई हैं और उसकी हालत नाजुक बताई जा रही है।

घटना की सूचना मिलते ही थानाध्यक्ष प्रकाश चंद्र शर्मा, चौकी इंचार्ज मंज़ेश, दीवान आत्माराम और कांस्टेबल पटेलाल यादव मौके पर पहुंचे। पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण कर घायलों को प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र सुजौली में भर्ती कराया। वहीं राहगीरों और स्थानीय ग्रामीणों की मदद से कुछ घायलों को निजी चिकित्सकों के पास भी पहुंचाया गया। पुलिस के अनुसार दुर्घटना के कारणों की जांच की जा रही है। प्रशासन ने घायलों के समुचित उपचार की व्यवस्था कराने के निर्देश दिए हैं।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित