बहराइच , जनवरी 31 -- उत्तर प्रदेश में बहराइच जिले के फखरपुर थाना क्षेत्र में शनिवार सुबह सड़क पार करते समय एक मासूम की अज्ञात वाहन की चपेट में आने से मृत्यु हो गयी।

पुलिस के अनुसार मृतक की पहचान चक सौगहना निवासी मुजुबुद्दीन के पुत्र अब्दुर्रहमान (6) के रूप में हुई है। परिजनों ने बताया कि शनिवार सुबह करीब 10 बजे अब्दुर्रहमान सड़क पार कर रहा था, तभी अचानक तेज गति से आए वाहन ने उसे कुचल दिया। हादसे के बाद चालक वाहन सहित मौके से फरार हो गया।

घटना की सूचना मिलते ही फखरपुर थाना प्रभारी संजीव चौहान पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए जिला अस्पताल भेज दिया। अज्ञात वाहन की पहचान के लिए आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है। वाहन एवं चालक की तलाश जारी है और शीघ्र ही आवश्यक विधिक कार्रवाई की जाएगी।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित