बहराइच , अप्रैल 27 -- उत्तर प्रदेश के बहराइच जनपद में नानपारा हाईवे पर रविवार को हुए भीषण सड़क हादसे में दो वाहन चालकों की जिंदा जलकर मौत हो गई, जबकि ट्रेलर का खलासी गंभीर रूप से घायल हो गया। हादसे के बाद हाईवे पर अफरा-तफरी मच गई और लंबा जाम लग गया। सूचना पर पहुंची पुलिस व फायर ब्रिगेड की टीम ने आग पर काबू पाया और राहत-बचाव कार्य शुरू कराया।

पुलिस के अनुसार, हादसा दरगाह थाना क्षेत्र अंतर्गत नानपारा हाईवे पर सलारपुर गांव के पास हुआ। प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि हाईवे पर दौड़ रहे एक छोटा हाथी वाहन को बचाने के प्रयास में डीसीएम और ट्रेलर के बीच आमने-सामने की जोरदार भिड़ंत हो गई। टक्कर इतनी भीषण थी कि दोनों वाहनों के अगले हिस्से पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गए और देखते ही देखते डीसीएम तथा ट्रेलर में आग लग गई।

प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, टक्कर के बाद दोनों वाहनों के केबिन में आग तेजी से फैल गई। आग की लपटें इतनी तेज थीं कि दोनों चालक केबिन से बाहर नहीं निकल सके और जिंदा जल गए। डीसीएम में मशीनरी का सामान लदा था, जबकि ट्रेलर सीमेंट लेकर जा रहा था। टक्कर के बाद दोनों वाहनों में लगी आग ने कुछ ही मिनटों में विकराल रूप ले लिया, जिससे राहत कार्य में भी कठिनाई हुई।

दरगाह थाना प्रभारी रामज्ञा सिंह ने बताया कि सूचना मिलते ही पुलिस और फायर ब्रिगेड की टीम तत्काल मौके पर पहुंची। दमकल कर्मियों ने कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया, लेकिन तब तक दोनों चालकों की मौत हो चुकी थी। हादसे में ट्रेलर का खलासी गंभीर रूप से घायल मिला, जिसे तत्काल अस्पताल भेजा गया, जहां उसका उपचार जारी है।

पुलिस के अनुसार, मृत ट्रेलर चालक की पहचान सराय ममरेज थाना क्षेत्र के सिंधौरा गांव निवासी जीतलाल यादव के रूप में हुई है। जबकि डीसीएम चालक की पहचान अभी तक नहीं हो सकी। पुलिस उसकी शिनाख्त के प्रयास में जुटी है।

हादसे के बाद नानपारा हाईवे पर लंबा जाम लग गया और वाहनों की आवाजाही पूरी तरह प्रभावित हो गई। पुलिस ने क्रेन की मदद से क्षतिग्रस्त वाहनों को सड़क से हटवाया, जिसके बाद यातायात बहाल कराया जा सका।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित