बहराइच , अप्रैल 25 -- उत्तर प्रदेश में बहराइच जिले के नानपारा क्षेत्र में शनिवार दोपहर एक सड़क हादसे में पांच माह के मासूम बच्चे समेत तीन लोगों की मौत हो गई, जबकि एक महिला गंभीर रूप से घायल हो गई। हादसा उस समय हुआ जब गैस सिलेंडर लेने जा रहे एक परिवार के ई-रिक्शा को तेज रफ्तार अज्ञात वाहन ने पीछे से टक्कर मार दी।

पुलिस के अनुसार नानपारा कोतवाली क्षेत्र अंतर्गत लक्ष्मणपुर मटेही निवासी मौजी लाल (42) अपने भाई की पत्नी अंजना देवी तथा पांच माह के मासूम सतगुरुपाल (पुत्र मंजीत पाल) के साथ ई-रिक्शा से नानपारा गैस सिलेंडर लेने जा रहे थे। रास्ते में रजवापुर मोड़ के पास पीछे से आ रहे एक तेज रफ्तार अज्ञात वाहन ने ई-रिक्शा को जोरदार टक्कर मार दी।

टक्कर इतनी भीषण थी कि ई-रिक्शा के परखच्चे उड़ गए और उसमें सवार मौजी लाल, पांच माह का मासूम सतगुरुपाल तथा ई-रिक्शा चालक शकील (33), पुत्र छोट्टन, निवासी नानपारा की मौके पर ही मौत हो गई। हादसे में अंजना देवी गंभीर रूप से घायल हो गईं। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस और एम्बुलेंस मौके पर पहुंची। पुलिस टीम ने स्थानीय लोगों की मदद से घायलों और मृतकों को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र नानपारा पहुंचाया, जहां चिकित्सकों ने तीनों को मृत घोषित कर दिया। घायल अंजना देवी का प्राथमिक उपचार जारी है और उनकी हालत गंभीर बताई जा रही है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित