बहराइच , अप्रैल 14 -- बहराइच जिले में पंजीकृत निर्माण श्रमिकों के कल्याण के लिए श्रम विभाग द्वारा एक महत्वपूर्ण पहल करते हुए आगामी 06 मई को सामूहिक विवाह समारोह का आयोजन किया जाएगा। यह आयोजन गेंद घर मैदान में संपन्न होगा, जिसमें देवीपाटन मंडल के श्रमिक परिवारों की बेटियों एवं अविवाहित महिला निर्माण श्रमिकों का विवाह कराया जाएगा।
सहायक श्रमायुक्त सिद्धार्थ मोदियानी ने बताया कि इस सामूहिक विवाह कार्यक्रम में अधिकतम 200 जोड़ों के विवाह की व्यवस्था की गई है। प्रत्येक पात्र लाभार्थी को 85 हजार रुपये की आर्थिक सहायता हितलाभ के रूप में प्रदान की जाएगी, जिससे विवाह संबंधी आवश्यकताओं को पूरा करने में सहयोग मिल सके।
उन्होंने बताया कि योजना का लाभ उठाने के लिए श्रमिक का पंजीयन कम से कम एक वर्ष पुराना होना अनिवार्य है। पंजीकृत श्रमिक अपनी पुत्री के विवाह अथवा पंजीकृत महिला श्रमिक स्वयं के विवाह हेतु जन सुविधा केंद्र के माध्यम से आवेदन कर सकते हैं। आवेदन प्रक्रिया के दौरान आधार कार्ड, वर-वधू से संबंधित परिवार रजिस्टर की नकल तथा शपथ पत्र सहित अन्य आवश्यक दस्तावेज अपलोड करना होगा।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित