बहराइच , जुलाई 28 -- उत्तर प्रदेश में बहराइच जिले के खैरीघाट थाना क्षेत्र स्थित गुजराती पुरवा गांव में सोमवार सुबह एक नवविवाहिता का शव कमरे में फंदे से लटका मिलने से सनसनी फैल गई। पुलिस के अनुसार मृतका की पहचान रित्यांशी (20) पत्नी अंकुल के रूप में हुई है। उसकी शादी लगभग एक वर्ष पूर्व हुई थी। सोमवार उसका शव घर के कमरे में फांसी के फंदे से लटका मिला। घटना की जानकारी मिलते ही प्रभारी निरीक्षक प्रदीप कुमार सिंह पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और जांच शुरू कराई। घटनास्थल पर पहुंची फॉरेंसिक टीम ने आवश्यक भौतिक साक्ष्य एकत्र किए। इसके बाद पुलिस ने शव को फंदे से उतरवाकर पंचायतनामा की कार्रवाई पूरी की और पोस्टमार्टम के लिए जिला अस्पताल भेज दिया।

मृतका का मायका थैलिया ग्राम पंचायत में बताया गया है। मायके पक्ष का आरोप है कि विवाह के बाद से ही ससुराल पक्ष द्वारा दहेज की मांग को लेकर रित्यांशी को प्रताड़ित किया जाता था।

प्रभारी निरीक्षक प्रदीप कुमार सिंह ने बताया कि प्रथम दृष्टया मामले की सभी पहलुओं से जांच की जा रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट प्राप्त होने के बाद ही मृत्यु के वास्तविक कारणों की पुष्टि हो सकेगी। रिपोर्ट तथा उपलब्ध साक्ष्यों के आधार पर आगे की वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित