बहराइच , जुलाई 30 -- बहराइच पुलिस ने पयागपुर थाना क्षेत्र में दिनदहाड़े राहगीर से हुई लूट की घटना का 24 घंटे के भीतर सफल खुलासा करते हुए चार आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से लूटी गई रकम के अलावा गोली बारुद बरामद किया। पुलिस अधीक्षक बहराइच विश्वजीत श्रीवास्तव ने गुरुवार को यहां एक प्रेस कांफ्रेंस में बताया कि 28 जुलाई को अयोध्या प्रसाद नामक व्यक्ति ने पयागपुर थाने में तहरीर दी थी कि वह इंडियन बैंक की खजुही शाखा से एक लाख रुपये निकाल कर अपनी बीसी (बैंकिंग कॉरेस्पोंडेंट) संचालिका के पास जा रहा था। इसी दौरान निंगौरा पुल के पास मोटरसाइकिल सवार तीन बदमाशों ने उसे रोककर मारपीट की और उसके पास मौजूद कुल दो लाख 10 हजार 200 रुपये लूटकर फरार हो गए। मामले में पुलिस ने तत्काल मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू की।
घटना की गंभीरता को देखते हुए पुलिस की सर्विलांस, स्वाट एवं थाना पयागपुर की संयुक्त टीम ने सीसीटीवी फुटेज, तकनीकी साक्ष्यों और मुखबिर की सूचना के आधार पर छापेमारी कर चार आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान सहवान पुत्र अली आदिल, सूर्यकुमार सिंह, जयवीर सिंह तथा वीरेन्द्र प्रताप सिंह के रूप में हुई है। सभी आरोपी पयागपुर थाना क्षेत्र के निवासी बताए गए हैं।
पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से दो लाख 10 हजार 400 रुपये नकद, एक अवैध तमंचा (.315 बोर), एक कारतूस, एक पीओएस मशीन, दो मोटरसाइकिलें तथा घटना से संबंधित अन्य सामग्री बरामद की है। पूछताछ में आरोपियों ने राहगीर से लूट की घटना में अपनी संलिप्तता स्वीकार की है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित