बहराइच , जून 15 -- उत्तर प्रदेश के बहराइच जिले में मोटरसाइकिल खड़ी करने को लेकर हुए विवाद में युवक को गोली मारकर घायल करने के मामले में पुलिस ने मुख्य आरोपी को गिरफ्तार कर घटना में शामिल अवैध तमंचा और खोखा कारतूस बरामद किया है। पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, 14 जून को छोटी बाजार निवासी नईमुद्दीन अंसारी ने सूचना दी थी कि उसका भाई सलमान (28) सिविल लाइन क्षेत्र स्थित खत्रीपुरा मोहल्ले में शराब भट्ठी के पास मोटरसाइकिल से गया था। इसी दौरान वाहन खड़ा करने को लेकर हुए विवाद में एक युवक ने उस पर फायरिंग कर दी। गोली सलमान के बाजू में लगी, जिससे वह घायल हो गया। घायल को तत्काल जिला चिकित्सालय में भर्ती कराया गया।

घटना के संबंध में कोतवाली नगर थाने में अज्ञात आरोपी के विरुद्ध हत्या के प्रयास का मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू की गई। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने सीसीटीवी फुटेज, इलेक्ट्रॉनिक साक्ष्यों और स्थानीय सूचना तंत्र की मदद से आरोपी की पहचान की।

मामले की विवेचना के दौरान पुलिस ने खत्रीपुरा निवासी शौर्य प्रताप सिंह (28) को उसके घर के पीछे स्थित खंडहरनुमा स्थान से गिरफ्तार कर लिया। पूछताछ में आरोपी ने स्वीकार किया कि मोटरसाइकिल खड़ी करने को लेकर कहासुनी के बाद आवेश में आकर उसने सलमान पर गोली चला दी थी। घटना के बाद उसने तमंचा पास की झाड़ियों में छिपा दिया था।

पुलिस ने आरोपी की निशानदेही पर घटना में प्रयुक्त .315 बोर का एक अवैध तमंचा तथा .315 बोर का एक खोखा कारतूस बरामद किया। बरामदगी के आधार पर पुलिस ने मुकदमे में आर्म्स एक्ट की धाराएं भी बढ़ाई गई हैं। पुलिस अभिलेखों के अनुसार आरोपी के विरुद्ध पूर्व में भी गंभीर आपराधिक मामले दर्ज हैं। उस पर वर्ष 2020 में हत्या के प्रयास सहित अन्य धाराओं में तथा वर्ष 2025 में मारपीट एवं धमकी से संबंधित प्रकरण दर्ज हो चुके हैं।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित