बहराइच , अगस्त 20 -- उत्तर प्रदेश के बहराइच जिले में गुरुवार को राज्य मंत्री (स्वतंत्र प्रभार) उद्यान, कृषि विपणन, कृषि विदेश व्यापार एवं कृषि निर्यात विभाग तथा जनपद के प्रभारी मंत्री दिनेश प्रताप सिंह ने जिला पंचायत अध्यक्ष मंजू सिंह और विधायक बलहा सरोज सोनकर के साथ बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों का स्थलीय निरीक्षण किया।

प्रभारी मंत्री ने प्रभावित गांवों रामपुर रतिया, धर्मपुर संपत, पूर्व खैरी पुरवा एवं बाबा रामपुर रतिया का भ्रमण कर ग्रामीणों से सीधे संवाद किया और उनकी समस्याओं की जानकारी ली। उन्होने प्रभावित इलाकों में पहुंचने के लिए ट्रैक्टर से भ्रमण किया और बाढ़ की स्थिति, आवागमन तथा ग्रामीणों को उपलब्ध कराई जा रही राहत एवं बचाव व्यवस्थाओं का जायजा लिया। उन्होंने ग्रामीणों से बातचीत कर प्रशासन द्वारा उपलब्ध कराई जा रही राहत सामग्री, भोजन, स्वास्थ्य सेवाओं और अन्य आवश्यक सुविधाओं के बारे में जानकारी प्राप्त की।

बाढ़ प्रभावित ग्रामीणों को संबोधित करते हुए प्रभारी मंत्री ने कहा कि संकट की इस घड़ी में प्रदेश सरकार उनके साथ खड़ी है। प्रभावित परिवारों को हरसंभव सहायता उपलब्ध कराने के लिए प्रशासन द्वारा लगातार प्रयास किए जा रहे हैं। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों में राहत सामग्री, भोजन, स्वास्थ्य सुविधाओं और अन्य जरूरी व्यवस्थाओं में किसी प्रकार की कमी नहीं होनी चाहिए।

उन्होंने राहत एवं बचाव कार्यों की नियमित निगरानी करने तथा जरूरतमंद परिवारों तक सरकारी सहायता तत्काल पहुंचाने पर जोर दिया। साथ ही ग्रामीणों की स्थानीय समस्याओं को गंभीरता से लेते हुए संबंधित अधिकारियों को आवश्यक कार्रवाई के निर्देश दिए।

प्रभारी मंत्री ने बाढ़ प्रभावित किसानों से भी संवाद किया। किसानों ने बाढ़ के पानी में धान की फसल डूबने से हुए नुकसान की जानकारी दी। इस पर प्रभारी मंत्री ने कहा कि प्रभावित किसानों की फसलों का सर्वे कराया जाएगा और नियमानुसार क्षतिपूर्ति उपलब्ध कराने की कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने कहा कि सरकार किसानों के हितों के प्रति संवेदनशील है और उन्हें शासन की योजनाओं एवं सुविधाओं का लाभ दिलाने के लिए आवश्यक कदम उठाए जा रहे हैं।

उन्होंने कहा कि बाढ़ से उत्पन्न परिस्थितियों से निपटने के लिए जिला प्रशासन पूरी तत्परता से कार्य कर रहा है। ग्रामीणों से धैर्य बनाए रखने तथा प्रशासन द्वारा जारी दिशा-निर्देशों का पालन करने की अपील करते हुए उन्होंने कहा कि आवश्यकता के अनुसार राहत एवं बचाव कार्यों को और प्रभावी बनाया जाएगा।

निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी अक्षय त्रिपाठी, पुलिस अधीक्षक विश्वजीत श्रीवास्तव, अपर जिलाधिकारी अमित कुमार, जनप्रतिनिधि एवं संबंधित विभागों के अधिकारी मौजूद रहे।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित