बहराइच , मार्च 03 -- उत्तर प्रदेश में बहराइच जिले के पयागपुर क्षेत्र में मंगलवार शाम तेज रफ्तार बोलेरो वाहन ने बस स्टॉप चौराहे पर खड़े टैंपो और राहगीरों को टक्कर मार दी, जिससे चार वर्षीय बच्ची समेत चार लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। वाहन पर हूटर और नीली बत्ती लगी थी तथा पीछे के शीशे पर "एसडीएम" लिखा था। पुलिस के अनुसार घटना शाम करीब पांच बजे की है। टैंपो चालक ओम प्रकाश पुत्र तालुकदार निवासी उमेश जोत जनपद गोंडा ने बताया कि बहराइच की ओर से तेज गति से आ रही बोलेरो ने बस स्टॉप चौराहे पर किनारे खड़े उनके टैंपो में पीछे से जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि टैंपो बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया।

घटना के समय होली का सामान खरीदने बाजार आए प्रद्युम्न दुबे , उनकी चार वर्षीय पुत्री अंतिमा तथा दुखीराम (40) निवासी सोहरियांवा थाना पयागपुर गंभीर रूप से घायल हो गए। स्थानीय लोगों की मदद से सभी घायलों को तत्काल सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पयागपुर पहुंचाया गया।

सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र के प्रभारी चिकित्साधिकारी डॉ. वाहिद ने बताया कि तीन घायलों की हालत गंभीर होने के कारण प्राथमिक उपचार के बाद उन्हें मेडिकल कॉलेज बहराइच रेफर कर दिया गया है। बच्ची की स्थिति नाजुक बताई जा रही है। इस संबंध में एसडीएम सदर से उनके सीयूजी नंबर पर संपर्क किए जाने पर उन्होंने बताया कि संबंधित वाहन आउटसोर्सिंग पर एसडीएम न्यायिक के यहां संलग्न है। चूंकि एसडीएम न्यायिक अवकाश पर हैं, चालक वाहन को यह कहकर घर ले गया था कि होली पर गाड़ी की पूजा करनी है। उन्होंने स्पष्ट किया कि उनका सरकारी वाहन उनके पास मौजूद है।

थानाध्यक्ष संजय सिंह ने बताया कि सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और घायलों को उपचार के लिए भेजा गया। वाहन को चालक सहित कब्जे में ले लिया गया है। उन्होंने कहा कि गाड़ी पर 'एसडीएम' लिखा था, लेकिन घटना के समय उसमें कोई उपजिलाधिकारी मौजूद नहीं थे। समाचार लिखे जाने तक कोई तहरीर प्राप्त नहीं हुई है। तहरीर मिलने पर आवश्यक विधिक कार्रवाई की जाएगी। पुलिस मामले की जांच कर रही है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित