बहराइच , जुलाई 23 -- उत्तर प्रदेश के बहराइच जिला अंतर्गत भारत-नेपाल अंतरराष्ट्रीय सीमा पर अवैध रूप से भारत में प्रवेश करने का प्रयास कर रहे प्रतिबंधित संगठन 'वारिस पंजाब दे' के दो सक्रिय सदस्यों समेत पांच लोगों को बहराइच पुलिस और सशस्त्र सीमा बल (एसएसबी) ने संयुक्त अभियान में गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से विदेशी दस्तावेज, फर्जी भारतीय पहचान पत्र, मोबाइल फोन, बैंक कार्ड, विदेशी एवं नेपाली मुद्रा, वाहन तथा अन्य सामान बरामद कर विभिन्न धाराओं में मुकदमा दर्ज किया है। पुलिस द्वारा शुक्रवार को जारी प्रेस विज्ञप्ति के अनुसार, बृहस्पतिवार देर शाम विशेष खुफिया सूचना के आधार पर भारत-नेपाल सीमा स्थित बीआईटी चेक पोस्ट पर एसएसबी और रुपईडीहा पुलिस द्वारा संयुक्त चेकिंग की जा रही थी। इसी दौरान एक इनोवा कार को रोककर जांच की गई। पूछताछ के दौरान संदिग्ध गतिविधियां सामने आने पर सुरक्षा एजेंसियों ने गहन छानबीन की। इसके बाद अमेरिकी नागरिक मनवीर सिंह ढिल्लों सहित अन्य संदिग्धों को भारत-नेपाल सीमा से अवैध रूप से भारत में प्रवेश करते समय हिरासत में लिया गया।

जांच में यह तथ्य सामने आया कि आरोपियों ने फर्जी आधार कार्ड, पैन कार्ड और ड्राइविंग लाइसेंस जैसे भारतीय पहचान पत्र तैयार कर सुनियोजित तरीके से भारत में प्रवेश की योजना बनाई थी। पूछताछ के दौरान यह भी जानकारी मिली कि गिरफ्तार दो आरोपी प्रतिबंधित संगठन 'वारिस पंजाब दे' के सक्रिय सदस्य हैं तथा पंजाब में दर्ज विभिन्न आपराधिक मामलों में वांछित रहे हैं।

इस संबंध में पुलिस अधीक्षक विश्वजीत श्रीवास्तव ने बताया कि आरोपियों के आपराधिक इतिहास और संगठन से जुड़े अन्य पहलुओं की जांच की जा रही है। मामले की सूचना पंजाब पुलिस को भी दे दी गई है तथा केंद्रीय एवं राज्य सुरक्षा एजेंसियों के साथ समन्वय स्थापित कर आरोपियों के नेटवर्क और संभावित संपर्कों की भी पड़ताल की जा रही है।

गिरफ्तार आरोपियों में अमेरिकी नागरिक मनवीर सिंह ढिल्लों, पंजाब निवासी विक्रमजीत सिंह, बहराइच निवासी राहुल कुमार, सुरेश कुमार पाठक तथा दिलीप पाठक उर्फ राहुल पाठक शामिल हैं। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से एक आईफोन, पासपोर्ट, बैंक ऑफ अमेरिका का डेबिट कार्ड, अमेरिकी क्रेडिट कार्ड, ड्राइविंग लाइसेंस, लगभग 900 अमेरिकी डॉलर, नेपाली मुद्रा, फर्जी भारतीय पहचान पत्र, एक होंडा शाइन मोटरसाइकिल तथा एक इनोवा कार बरामद की है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित