बहराइच , मार्च 14 -- बहराइच जिले में पेट्रोलियम पदार्थों की सुचारू आपूर्ति सुनिश्चित करने तथा आपूर्ति से जुड़ी शिकायतों के त्वरित निस्तारण के लिए जिला प्रशासन ने कलेक्ट्रेट परिसर स्थित जिला आपदा प्रबंधन प्राधिकरण कार्यालय में इमरजेंसी कंट्रोल रूम स्थापित किया है।
जिलाधिकारी अक्षय त्रिपाठी ने शनिवार को बताया कि शासन के निर्देश पर स्थापित यह कंट्रोल रूम प्रतिदिन प्रातः आठ बजे से रात्रि 08 बजे तक संचालित रहेगा और अवकाश के दिनों में भी कार्य करेगा। आम नागरिक पेट्रोल, डीजल व एलपीजी की आपूर्ति से संबंधित समस्या होने पर कंट्रोल रूम के दूरभाष नंबर 05252-230132 अथवा टोल फ्री नंबर 1077 पर सूचना दे सकते हैं।
उन्होंने बताया कि कंट्रोल रूम के संचालन के लिए कर्मचारियों की ड्यूटी तीन शिफ्टों में लगाई गई है। पहली पाली में प्रातः 08 बजे से 12 बजे तक विपणन निरीक्षक शिवम पटेल और भारत गैस के अनिरुद्ध तिवारी तैनात रहेंगे। दूसरी पाली में दोपहर 12 बजे से शाम 04 बजे तक पूर्ति निरीक्षक सै. एजाज हुसैन, विपणन निरीक्षक राकेश कुमार तथा विकास गैस सर्विस पयागपुर के रवि कुमार तिवारी की ड्यूटी लगाई गई है। तीसरी पाली में शाम 04 बजे से रात्रि 08 बजे तक क्षेत्रीय खाद्य अधिकारी राजीव कुमार और वेदान्त इंडेन गैस के हरिओम कार्य करेंगे।
कंट्रोल रूम में तैनात कर्मचारी पेट्रोल, डीजल और एलपीजी से संबंधित प्राप्त शिकायतों को पंजिका में दर्ज कर संबंधित गैस एजेंसियों और पेट्रोल पंपों के माध्यम से नियमानुसार गुणवत्तापूर्ण समाधान सुनिश्चित कराएंगे। दर्ज शिकायतों का निस्तारण 24 घंटे के भीतर सुनिश्चित करने की जिम्मेदारी अतिरिक्त मजिस्ट्रेट लालधर सिंह यादव और क्षेत्रीय खाद्य अधिकारी रवि कुमार सिंह को नोडल अधिकारी के रूप में सौंपी गई है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित