बहराइच , जनवरी 14 -- उत्तर प्रदेश के बहराइच जिले के थाना पयागपुर क्षेत्र में कोर्ट बाजार निवासी एवं पूर्व पंचायत सदस्य जगदेव यादव की बुधवार रात अज्ञात हमलावरों ने हत्या कर दी। घटना की सूचना मिलते ही थाना अध्यक्ष पयागपुर संजय सिंह पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और शव को कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी।

जानकारी के अनुसार, 63 वर्षीय जगदेव यादव, निवासी कटहरी बाग, बीती रात लगभग आठ बजे खेत की रखवाली करने के लिए घर से निकले थे। जब देर रात तक वे वापस नहीं लौटे, तो परिजनों को चिंता हुई। उनके बड़े पुत्र एवं सभासद विष्णु यादव ने पिता के मोबाइल फोन पर संपर्क करने का प्रयास किया लेकिन पहले कॉल नहीं लगी। कुछ समय बाद फोन स्विच ऑफ हो गया। इसके बाद परिजनों ने उनकी तलाश शुरू की और खेत में जगदेव यादव मृत अवस्था में पड़े मिले।

परिजनों ने उन्हें तत्काल पयागपुर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। परिजनों के अनुसार, मृतक के सिर और आंख के पास धारदार और नुकीले हथियार से किए गए गंभीर चोट के निशान पाए गए, जिससे स्पष्ट है कि उनकी हत्या बेरहमी से की गई है।

घटना के संबंध में विष्णु यादव ने थाना पयागपुर में अज्ञात लोगों के खिलाफ प्रार्थना पत्र दिया है। पुलिस ने हत्या का मुकदमा दर्ज कर शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। थाना अध्यक्ष संजय सिंह ने कहा कि मामले की गंभीरता को देखते हुए जांच के लिए एक विशेष टीम गठित की गई है और जल्द ही घटना का खुलासा किया जाएगा। पुलिस सभी पहलुओं पर बारीकी से जांच कर रही है।

पूर्व पंचायत सदस्य की हत्या से क्षेत्र में भय एवं आक्रोश का माहौल है। ग्रामीणों ने पुलिस से जल्द से जल्द आरोपियों की गिरफ्तारी की मांग की है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित