बहराइच , सितंबर 03 -- उत्तर प्रदेश में बहराइच जिले के मटेरा क्षेत्र में क्राइम ब्रांच की स्वाट टीम और थाना मटेरा पुलिस ने सशस्त्र मुठभेड़ में चेन स्नेचिंग के आरोपी को घायल अवस्था में गिरफ्तार कर लिया जबकि उसका साथी मौके का फायदा उठाकर मोटरसाइकिल से फरार हो गया। पुलिस ने घायल आरोपी को गिरफ्तार कर उपचार के लिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र रिसिया भेजा है। पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, एक सितंबर को गंगोत्री पत्नी सुरेंद्र निवासी सुआगाड़ा, थाना कोतवाली, लखीमपुर अपने रिश्तेदार के यहां से वापस घर लौट रही थीं। गुलालपुरवा टोल प्लाजा से पहले दो बाइक सवार बदमाशों ने झपट्टा मारकर उनका मंगलसूत्र छीन लिया और फरार हो गए। पीड़िता की तहरीर पर थाना मटेरा में मुकदमा अपराध संख्या 138/2026 के तहत धारा 304(2) में मामला दर्ज किया गया।
पुलिस के मुताबिक, दो और तीन सितंबर की दरमियानी रात मुखबिर से सूचना मिली कि दो बदमाश चोरी की मोटरसाइकिल लेकर मटेरा से शंकरपुर-नानपारा मार्ग की ओर जा रहे हैं। बिलवा नहर मोड़ के पास पुलिस टीम ने उन्हें रोकने का प्रयास किया तो बदमाशों ने पुलिस टीम पर फायरिंग कर दी। पुलिस की जवाबी कार्रवाई में एक बदमाश के दाहिने पैर में गोली लगी और वह मौके पर गिर पड़ा।
घायल आरोपी की पहचान फुल्ली उर्फ तूफान उर्फ रकीब के रूप में हुई है। पुलिस ने उसके कब्जे से एक देशी तमंचा 315 बोर और पीली धातु का मंगलसूत्र बरामद किया है। दूसरा आरोपी असलम मोटरसाइकिल से नानपारा की ओर फरार हो गया। उसकी गिरफ्तारी के लिए कई पुलिस टीमें संभावित ठिकानों पर दबिश देने के साथ ही क्षेत्र में कांबिंग कर रही हैं।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित